बिहार उत्तरप्रदेश मध्यप्रदेश उत्तराखंड झारखंड छत्तीसगढ़ राजस्थान पंजाब हरियाणा हिमाचल प्रदेश दिल्ली पश्चिम बंगाल

LATEST NEWS

जातीय जनगणना को लेकर जदयू नेताओं और कार्यकर्ताओं ने निकाली आभार यात्रा, कहा हर समुदाय का होगा विकास

जातीय जनगणना को लेकर जदयू नेताओं और कार्यकर्ताओं ने निकाली आभार यात्रा, कहा हर समुदाय का होगा विकास

SHEOHAR : मुख्यमंत्री नीतीश सरकार द्वारा जाति गणना के निर्णय लेने को लेकर शिवहर में आभार यात्रा का आयोजन किया गया। इस मौके पर जदयू के प्रदेश महासचिव सह जिला जदयू प्रभारी राणा रणधीर सिंह चौहान ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पर हमला बोला है। एक प्रश्न के जवाब में उन्होंने कहा है कि प्रदेश भाजपा अध्यक्ष संजय जयसवाल राजद संस्कृति के हैं। राजद से चुनाव लड़ने पर उनकी जमानत जब्त हो गई थी। जदयू के कारण ही लोकसभा चुनाव में उनको  जीत मिली। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष और संसदीय बोर्ड के चेयरमैन को क्या नसीहत देंगे। जातीय जनगणना को लेकर जदयू जिला संगठन प्रभारी राणा रणधीर सिंह चौहान ने कहा कि जिसकी जितनी भागीदारी उसकी उतनी हिस्सेदारी होगी। जातीय गणना से सभी वर्ग समुदाय का अलग अलग सर्वे होगा। उसी के आधार पर उनके विकास का कार्य होगा। आभार यात्रा जदयू कार्यालय से समाहरणालय गेट तक निकाली गई।

वहीँ कैमूर में भी आज जातीय जनगणना को लेकर आभार यात्रा निकाली गयी। मिली जानकारी के अनुसार बताया गया कि इस आभार यात्रा में मंत्री जमा खान,  जेडीयू के पूर्व विधायक और सैकड़ों जदयू कार्यकर्ताओं ने ढोल बाजे के साथ पूरे शहर में भ्रमण करते हुए आभार यात्रा निकाला। बिहार में पिछले कुछ महीने पहले ही जातीय जनगणना को लेकर जेडीयू और बीजेपी में भारी मंथन देखने को मिला था। लेकिन विपक्षी पार्टियों के सपोर्ट से सूबे के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बिहार में जल्द ही जातीय जनगणना करवाने वाले हैं। जिसे लेकर सरकार ने होमवर्क पूरा कर लिया गया है। इस मौके पर मंत्री जमा खान ने बताया कि यह सोच नीतीश कुमार की बहुत पहले से ही थी। लेकिन यह अब साकार होता दिख रहा है। क्योंकि 1931 के बाद अब जाति जनगणना होने वाला है। जिसे लेकर सरकार ने 500 करोड़ का बजट भी तैयार किया है। अगर जरूरत पड़ी तो सरकार बजट बढ़ा भी सकती है। उन्होंने आगे बताया कि जाति जनगणना करने का मुख्य उद्देश्य केवल दबे पिछड़े लोगों को आर्थिक मदद देकर आगे लाना है। ताकि वह भी समाज में बराबर का योगदान दे सकें और  हमारे सभी कार्यकर्ताओं,  विधायको , मंत्रीयो की मांग है कि पूरे देश में जातीय आधार पर जनगणना होना चाहिए।

उधर भागलपुर में भी जदयू कार्यकर्ताओं की ओर से आभार यात्रा का आयोजन किया गया। अधिसूचना के मुताबिक नीतीश सरकार ने बिहार में जाति आधारित जनगणना जनगणना के काम को पूरा करने की डेट लाइन फरवरी 2023 रखी है। इसके अलावा जाति जनगणना के लिए 500 करोड़ रुपए भी खर्च किए जाएंगे। आभार यात्रा कचहरी चौक भागलपुर परिसर से स्टेशन चौक तक निकाला। आभार यात्रा की अगुवाई पूर्व राज्यसभा सांसद कहकशां परवीन कर रही थी। उनके साथ में सुल्तानगंज के विधायक और जिला के प्रभारी राजफतमी सहित काफी संख्या में जदयू कार्यकर्ता यात्रा के दौरान मौजूद रहे। वही कहकशां प्रवीण ने कहा कि जातिगत जनगणना हो जाने के बाद सभी जातियों के निम्न वर्ग के लोगों को सहायता पहुंचाने में सरकार को मदद पहुंचेगी। उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार प्रकट किया। यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री और सरकार के समर्थन में जमकर नारेबाजी की। इस आभार यात्रा में जनता दल यूनाइटेड के सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद थे।

वहीँ नालंदा जिले के बिहारशरीफ, राजगीर व हिलसा अनुमंडल मुख्यालय में शनिवार को जदयू कार्यकर्ताओं व नेताओं ने आभार यात्राएं निकालीं। इसमें ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण समेत कई दिग्गज नेताओं ने शिरकत की। जातीय गणना को लेकर सीएम नीतीश के प्रति आभार जताने के लिए लोगों ने यह यात्रा की। मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि जातीय गणना से बिहार में विकास के नए आयाम जुड़ेंगे। आजादी के बाद पहली बार बिहार में जातीय गणना करायी जा रही है। वर्ष 1931 में 90 साल पहले इस तरह की गणना हुई थी। इन 90 सालों में बहुत हद तक सामाजिक ताना-बाना बदल चुका है। बिहारशरीफ में श्रम कल्याण केंद्र के मैदान से यह यात्रा निकलकर भरावपुर, पुलपर, खंदकपर, नईसराय, अंबेर, भैंसासुर चौक होते हुए श्रम कल्याण केंद्र के मैदान में आकर समाप्त हुई।

शिवहर से मनोज, कैमूर से देवब्रत, भागलपुर से अंजनी कुमार कश्यप और नालंदा से राज की रिपोर्ट


Suggested News