जदयू प्रवक्ता ने बीजेपी सांसद सुशील मोदी पर साधा निशाना, कहा- भाजपा के अंदर राजनैतिक टीआरपी के लिए देते हैं उटपटांग बयान

PATNA: बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और भाजपा सांसद सुशील मोदी अक्सर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर हमलावर रहते हैं। आए दिन सुशील मोदी नीतीश कुमार और महागठबंधन को लेकर बयान देते रहते है। वहीं उनके इन बयानों को लेकर जदयू के प्रवक्ता अभिषेक झा ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि, सुशील मोदी आने वाले समय में भाजपा के अंदर राजनीतिक रूप में होने वाली दुर्गति को जानते हैं। इसलिए ऐसे बयान देते रहते है।  

अभिषेक झा ने कहा कि सुशील मोदी इस बात को जानते हैं कि भाजपा के अंदर राजनीतिक रूप से उनकी कितनी दुर्गति हो रही है। उनके लिए आने वाला समय राजनीतिक रूप से और कठिन और बुरा साबित होगा। इसलिए भी सुशील मोदी हमारे नेता नीतीश कुमार और हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह के खिलाफ उटपटांग बयान देते रहते हैं ताकि भाजपा के अंदर उनकी राजनैतिक टीआरपी बनी रह सके।

उन्होंने कहा कि, सुशील मोदी भूल जाते हैं कि ललन सिंह उनकी तरह नहीं है बल्कि मजबूत रीड की हड्डी वाले नेता है। जो मजबूत फैसले लेने के लिए ही जाने जाते हैं और उनके नेतृत्व में जनता दल यूनाइटेड नए आयामों को हासिल कर रही है।

जदयू प्रवक्ता ने कहा कि, आगामी लोकसभा के चुनाव में देश की सत्ता से भाजपा की विदाई तय है और इसकी पटकथा बिहार से लिखी जानी शुरू हो चुकी है। ललन सिंह के संसदीय क्षेत्र की चिंता छोड़ सुशील कुमार मोदी को अपनी चिंता करनी चाहिए। चारों सदनों के सदस्य रहने के बाद आने वाले समय में राजनीतिक रूप से सड़क पर घूमने की उन्हें अग्रिम शुभकामनाएं।