JHARKHAND NEWS: गिरफ्त में आया बाइक चोर गिरोह, अब तक सौ से ज्यादा बाइक चोरी की बात स्वीकारी

देवघर: जिले की पुलिस को सोमवार को उल्लेखनीय सफलता प्राप्त हुई है। पुलिस ने एक अंतरराज्यीय बाइक चोर गिरोह का उद्भेदन किया है। गिरोह के पास से चोरी की चार बाइक, तीन मोबाइल व बाइक चुराने के औजार भी मिले हैं। यह जानकारी डीएसपी मंगल सिंह जामुदा ने दी।
गिरफ्तार होने वालों में गिरोह के मुख्य सरगना के साथ तीन अन्य सदस्य शामिल हैं। दरअसल जिले में विभिन्न जगहों पर बाइक चोरी की लगातार कई घटनाएं सामने आ रही थी। जिसके बाद एसपी द्वारा एक एसआइटी का गठन किया गया था। पुलिस ने जाल बिछाकर गिरोह को गिरफ्त में लिया।
जानकारी के अनुसार गिरोह के सदस्य बाइक की चोरी कर के उसे बिहार के बांका व जमुई में खपाते थे। गिरोह के सदस्यों ने अभी तक सौ से ज्यादा बाइक चोरी की बात स्वीकार की है। पुलिस इनसे पूछताछ कर रही है।