LOKSABHA ELECTION NEWS : जानिए देश के पहले आम चुनाव में बिहार से चुने गए कितने सांसद, मुजफ्फरपुर व सारण से 5-5 तो समस्तीपुर से केवल एक एमपी हुए निर्वाचित

LOKSABHA ELECTION NEWS : जानिए देश के पहले आम चुनाव में बिहा

PATNA : देश में लोकसभा चुनाव की रणभेरी बज गयी है। 19 अप्रैल को जहाँ प्रथम चरण का चुनाव कराया जायेगा। वहीँ 1 जून को सातवें चरण के चुनाव के बाद मतों की गणना 4 जून को की जाएगी। लेकिन क्या आप जानते है की देश में पहली बार हुए आम चुनाव में बिहार से कितने सांसद चुने गए थे। दरअसल भारत 15 अगस्त 1947 को आजाद हुआ और स्वतंत्रता प्राप्ति के 5 वर्षो के बाद 1952 में देश में पहली बार आम चुनाव कराये गये थे, जिसमें कुल 53 राजनीतिक पार्टियों नें भाग लिया था। आम चुनाव में कांग्रेस को सबसे अधिक 45 प्रतिशत मत, जबकि कम्यूनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया को 16 प्रतिशत सीटें मिली थी। इसके साथ ही इस चुनाव में 37 निर्दलीय उम्मीदवार भी जीतने में सफल हुए थे। हालांकि अंग्रेजों नें इससे पहले कई बार चुनाव कराए। परन्तु 1952 का चुनाव देश का पहला ऐसा चुनाव था, जिसमें सभी भारतीय को शामिल किया गया था।

बात बिहार की करें तो 7 मार्च, 1952 को देश में हुए पहले आम चुनाव में संयुक्त बिहार से 44 सांसद चुनकर लोकसभा पहुंचे थे। तब के चुनाव में सीटों का बंटवारा इस तरह था कि किसी जिले से पांच सांसद चुने गए तो किसी से चार या तीन। दरअसल, बृहद् क्षेत्रफल में फैले लोकसभा क्षेत्रों को जोन में बांटा गया था। चुनाव आयोग के दस्तावेजों के अनुसार, बिहार से सर्वाधिक पांच-पांच सांसद मुजफ्फरपुर व सारण से चुने गए थे। दरभंगा और पटना में चार-चार लोकसभा सीटें थीं। मुंगेर, भागलपुर, पूर्णिया और गया में तीन-तीन सीटें थीं। रांची और हजारीबाग सीट भी तीन-तीन भागों में बंटी हुई थी। सबसे कम समस्तीपुर से सिर्फ एक सांसद चुने गए थे। यह सीट काफी दिनों तक समस्तीपुर नाम से ही रहा। परिसीमन के बाद समस्तीपुर में एक और उजियारपुर लोकसभा क्षेत्र बनाया गया।

आज का झारखंड 1952 में एकीकृत बिहार का ही हिस्सा था। चाईबासा, हजारीबाग वेस्ट और हजारीबाग ईस्ट, मानभूम नॉर्थ और मानभूम साउथ-धालभूम, पलामू-हजारीबाग-रांची, रांची नॉर्थ-वेस्ट, रांची वेस्ट और संताल परगना-हजारीबाग नाम वाली सीटों पर पहली बार चुनाव हुआ था।

Nsmch
NIHER

पहले आम चुनाव में मुजफ्फरपुर ईस्ट, मुजफ्फरपुर सेंट्रल, मुजफ्फरपुर-दरभंगा, मुजफ्फरपुर नॉर्थ-ईस्ट और मुजफ्फरपुर नॉर्थ-वेस्ट नाम से पांच सीटें थीं। सारण में सारण सेंट्रल, सारण-चंपारण, सारण ईस्ट, सारण नॉर्थ और सारण साउथ सीट पर चुनाव हुए थे। दरभंगा में दरभंगा सेंट्रल, दरभंगा-भागलपुर (वर्तमान सहरसा-मधेपुरा क्षेत्र), दरभंगा ईस्ट व दरभंगा वेस्ट नाम से चार सीटें होती थी। पटना भी चार सीटों का जिला था। पाटलिपुत्र, पटना सेंट्रल, पटना ईस्ट और पटना-शाहाबाद (वर्तमान आरा-औरंगाबाद-जहानाबाद क्षेत्र) नामक चार सीट पर चुनाव हुए थे।

वंदना शर्मा की रिपोर्ट