तेजस्वी के भारत की तुलना बांग्लादेश औऱ नेपाल से करने पर भड़के नेता प्रतिपक्ष, कहा जातीय नरसंहार औऱ जंगलराज ही इनके विकास का मॉडल

तेजस्वी के भारत की तुलना बांग्लादेश औऱ नेपाल से करने पर भड़के नेता प्रतिपक्ष, कहा जातीय नरसंहार औऱ जंगलराज ही इनके विकास का मॉडल

PATNA : बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष विजय कुमार सिन्हा ने उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव द्वारा विकास मामलों में भारत की तुलना बांग्लादेश औऱ नेपाल से करने पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है औऱ कहा है कि परिवार का विकास ही जिनका एकमात्र लक्ष्य है उनके मुँह से देश के विकास पर ज्ञान निरर्थक है।

सिन्हा ने कहा कि  भारत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विश्व का पाँचवा अर्थशक्ति बन गया है औऱ जल्द ही हम तीसरे स्थान पर पहुंचेंगे। चाँद के दक्षिणी ध्रुव पर लैंडर भेजने वाला पहला देश का गौरव भारत को मिला है। विश्व के सभी देश भारत को अब एक समृद्ध राष्ट्र के रूप में देखते हैं औऱ इज्जत करते हैं। प्रवासी भारतीयों की भी प्रतिष्ठा काफी बढ़ी है। भारत जी 20 का अभी नेतृत्व भी कर रहा है। ऐसे में भारत की तुलना बांग्लादेश औऱ नेपाल से करना विकृत मानसिकता को दर्शाता है।

सिन्हा ने कहा कि जिस परिवार का विकास का मॉडल जातीय उन्माद और नरसंहार है ,वे कैसे देश की प्रगति को बर्दाश्त करेंगे। 1990 से 2005 तक शासन में रहने के बावजूद जातिगत जनगणना कराने के लिए लालू यादव ने नहीं सोचा। लेकिन जब एन डी ए सरकार में भाजपा ने इसका समर्थन कर लागू कराया तो अब अनाप शनाप बोल रहे हैं। इनके गठबंधन के साथी कांग्रेस की 4 राज्यों में सरकार है। ये कांग्रेस को उन राज्यों में जातिगत जनगणना के लिए क्यों तैयार नहीं कर पा रहे हैं?

सिन्हा ने कहा कि इन लोगों के लिये राजनीति का मतलब जनसरोकार के मुद्दों को सुलझाना औऱ राज्य/देश की जनता की सेवा करना नहीं है। राजनीति इनके लिये जमीन, मकान, धन औऱ अत्याधुनिक सुख सुविधा अर्जित करने का जरिया है। राज्य के लोग अवगत है कि किस प्रकार लालू परिवार ने संवैधानिक पदों का दुरुपयोग कर चारा घोटाला, जमीन के बदले नौकरी घोटाला, आई आर सी टी सी घोटाला सहित कई अन्य अवैध कार्य कर अकूत संपत्ति अर्जित की है। अब ये फिर 1 वर्ष से बिहार में महागठबंधन की सरकार में हैं। नीतीश कुमार ने जनादेश का अपमान कर बिहार को अंधकार में धकेल दिया है।

Find Us on Facebook

Trending News