जहानाबाद, बांका और कैमूर में आकाशीय बिजली का कहर, मवेशी चरा रहे 4 लोगों की हुई मौत, 3 लडकियां झुलसी

JEHANABAD : जिले के काको प्रखंड के दक्षिणी गांव में ठनका गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया है। सभी लोगों का रो रो कर बुरा हाल है। घटना के संबंध में मृतक के भतीजा मंतोष कुमार ने बताया कि हमारे चाचा अर्जुन पासवान गांव के बधार में भैंस चरा रहे थे। तभी जोर-जोर से बारिश होने लगी। बारिश के दौरान ही अचानक से बहुत जोर से आवाज आई। जब ग्रामीणों की नजर पड़ी तो पता चला कि भैंस चरा रहे अर्जुन पासवान के ऊपर ठनका गिर गया है। जब ग्रामीण वहां पर इकट्ठा हुए तो देखें कि अर्जुन पासवान की मौत हो चुकी थी। फिर भी ग्रामीणों ने इलाज के लिए जहानाबाद सदर अस्पताल में ले जाकर भर्ती कराया।  जहां पर डॉक्टर ने देखने के बाद मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया है। 

वहीँ कैमूर में मौत बनकर गिरी बिजली से एक व्यक्ति की मौत हो गयी। जबकि तीन झुलस गए है। बता दे कि आज शाम में बारिश होने के करीब एक घंटे बाद मोहनिया थाना क्षेत्र के केशवपुर में मवेशी चरा रहे व्यक्ति के ऊपर ठनका गिरने से मौके पर ही मौत हो गई। आसपास के चरवाहो के द्वारा हल्ला किया गया तो स्थानीय लोगों द्वारा आनन फानन में व्यक्ति को अनुमंडल अस्पताल मोहनिया ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने व्यक्ति को मृतक घोषित कर दिया। मृतक व्यक्ति की पहचान विक्रमा सिंह यादव पुत्र ईश्वर दयाल सिंह के रूप में हुई है। जहां मौके पर मोहनिया पुलिस पहुंचकर शव का पंचनामा करते हुए पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। जहां  पोस्टमार्टम कराने के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया जाएगा। वही दूसरी घटना जिले के मोहनियां थाना क्षेत्र के तुरकवलीया गांव में घर के अंदर बैठी तीन लड़कियों को ठनका का झटका लगा। जिससे वो मौके पर ही अचेत हो गई। किसी लड़की का हाथ तो किसी का मुंह जल गया है। वहीं परिजनों द्वारा तीनों लड़कियों को आनन-फानन में मोहनिया अनुमंडल अस्पताल लाया गया। जहां डॉक्टरों द्वारा इलाज किया जा रहा है। तीनो लड़कियों की पहचान तुरकवलीया गांव की सबिया खातून ,अफसाना खातून और सिमरन खातून के रूप में हुई है। हालांकि तीनों लड़कियां अभी खतरे से बाहर बताई जा रही है।

Nsmch

उधर बांका में मूसलाधार बारिश के बाद मेघ गर्जन के दौरान हुए व्रज पात की चपेट में आने से मवेशी चरा रहे दो चरवाहे की मौके पर मौत हो गई। घटना के बाद से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। वहीं खेत में काम करने के दौरान व्रजपात की चपेट में आने से एक किसान को गंभीर अवस्था में भागलपुर का मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। स्थानीय पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बांका भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार बांका के बेलहर थाना क्षेत्र अंतर्गत जमुआ गांव में मूसलाधार बारिश के बाद मवेशी चराने गए दो चरवाहे की व्रजपात की चपेट में आने से मौके पर मौत हो गई। मृतक की पहचान बेगू यादव का 28 वर्षीय पुत्र शिवचरण यादव एवं गोपाल यादव का 25 वर्षीय पुत्र सौरभ कुमार यादव के रूप में हुई है। घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि शिवचरण यादव और सौरभ कुमार यादव दोनों मवेशी को लेकर बहियार की ओर गए थे। इसके बाद अचानक उस जगह पर व्रजपात होने से दोनों चपेट में आ गया। बगल के खेत में काम कर रहे किसानों ने यह देखकर हल्ला किया। जिसके बाद मौके पर परिजन एवं स्थानीय लोग आनन फानन में पहुंचे। तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। जिसके बाद परिजनों में कोहराम मच गया। घटना के बाद दोनों मृतक के परिजन शव से लिपटकर दहाड़ मार कर रोने लगे। वहीं अमरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रघुनाथपुर गांव में खेत में काम कर रहे किसान अचानक हुए व्रजपात की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल होकर खेत में गिर गया। जिसके बाद परिजनों ने आनन-फानन में निजी क्लीनिक में भर्ती कराया जहां गंभीर स्थिति को देखते हुए भागलपुर का मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया है।

जहानाबाद से रितेश, बांका से चंद्रशेखर और कैमूर से देवब्रत की रिपोर्ट