बिहार उत्तरप्रदेश मध्यप्रदेश उत्तराखंड झारखंड छत्तीसगढ़ राजस्थान पंजाब हरियाणा हिमाचल प्रदेश दिल्ली पश्चिम बंगाल

LATEST NEWS

जानिए... बिहार कांग्रेस के नए अध्यक्ष को, आख़िर दिग्गज़ दावेदारों से कैसे निकले आगे

जानिए... बिहार कांग्रेस के नए अध्यक्ष को, आख़िर दिग्गज़ दावेदारों से कैसे निकले आगे

PATNA : बिहार कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा डार्क हॉर्स साबित हुए हैं। कांग्रेस के अंदर साधारण सी छवि रखने वाले नेता के तौर पर जाने जाने वाले मदन मोहन झा ने आखिर प्रदेश अध्यक्ष पद के दिग्गज दावेदारों को कैसे पीछे छोड़ दिया, इसमें सब की दिलचस्पी है। कांग्रेस आलाकमान राहुल गांधी ने जब उनके नाम पर मुहर लगाई उस वक्त तक शायद बिहार कांग्रेस के अंदर ही लोग मदन मोहन झा के नाम पर सोच तक नहीं रहे थे।

मदन मोहन झा का राजनीतिक सफर

मिथिलांचल की धरती दरभंगा से आने वाले मदन मोहन झा का जन्म 1 अगस्त 1956 को मनीगाछी के बधात गांव में हुआ था। बिहार के पूर्व शिक्षा मंत्री स्वर्गीय डॉक्टर नागेंद्र झा के पुत्र मदन मोहन झा छात्र जीवन से ही राजनीति में सक्रिय रहे। सबसे पहले वह कांग्रेस की भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन में महासचिव बने। उसके बाद बिहार प्रदेश युवक कांग्रेस बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी में महासचिव का पद धारण किया। संगठन के लिए काम करते हुए मदन मोहन झा बाद में बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष बनाए गए और फिर कोषाध्यक्ष भी। उन्हें एक बार बिहार कांग्रेस प्रदेश कमेटी का कार्यकारी अध्यक्ष भी नियुक्त किया जा चुका है। मदन मोहन झा 1985 से लेकर 1995 तक बिहार विधानसभा के सदस्य भी रहे। बिहार में महागठबंधन सरकार के दौरान नीतीश कुमार के मंत्रिमंडल में उन्होंने भू राजस्व मंत्री के तौर पर काम किया और वर्तमान में बिहार विधान परिषद के सदस्य हैं।

कांग्रेस में है अलग पहचान

सरल स्वभाव वाले मदनमोहन झा की छवि कांग्रेस में दिग्गज नेताओं से बिल्कुल अलग है। आमतौर पर चमक दमक से दूर रहने वाले मदन मोहन झा कार्यकर्ताओं से संवाद को लेकर सहज हैं और विवादों से दूर रहते हैं। यही वजह है कि कांग्रेस आलाकमान ने बिहार में पार्टी के कई बड़े नेताओं को दरकिनार कर मदन मोहन झा के हाथों में पार्टी की कमान दी है।

अप्रत्याशित एलान के बाद बधाइयों का तांता

बिहार प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए मदन मोहन झा के नाम का ऐलान बिहार कांग्रेस के लिए भी अप्रत्याशित है। अध्यक्ष पद पर उनके नाम का ऐलान होने के बाद मदन मोहन झा के पटना स्थित कौटिल्य नगर स्थित आवास पर नेताओं कार्यकर्ताओं का पहुंचना शुरू हो गया। फूल माला और बुके के साथ साथ बधाई देने वाले मदन मोहन झा को मिठाई भी खिला रहे हैं। आवास पर जश्न का माहौल है लेकिन खुद मदन मोहन झा के शब्दों में उनके लिए यह बड़ी जिम्मेदारी है कि वह पार्टी को आगामी चुनाव में कैसी सफलता दिलाते हैं। मदन मोहन झा ने अपने ऊपर भरोसा जताने के लिए कांग्रेस आलाकमान और पार्टी के दूसरे नेताओं का शुक्रिया अदा किया है।

Suggested News