पटना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। कुख्यात नक्सली सुबोध सिंह को एसटीएफ ने पटना के रामकृष्ण नगर से गिरफ्तार कर लिया है। कई दिनों से एसटीएफ उसके पीछे लगी हुई थी। नक्सली सुबोध सिंह के बारे में पुलिस ने बताया कि वो पीएलएफआई के स्पेशल कमिटी का सदस्य है। पूर्व में मारे जा चुके नक्सली नेता अरविंद जी का वो करीबी है। गिरफ्तार सुबोध बिहार से ज्यादा झारखंड में सक्रिय था। जेल से छूटने के बाद उसने अपना ठिकाना झारखंड के बूढ़ा पहाड़ पर बना रखा था। वहीं से वो अपने संगठन को ऑपरेट कर रहा था। डेढ़ साल पहले ही वो जेल से छूटा था। पीएलएफआई संगठन में उसे दूसरे नंबर का दर्जा प्राप्त है। एसटीएफ ने बताया कि झारखंड में नक्सली सुबोध ने आतंक मचा रखा था। बड़ी-बड़ी कंपनियों व ठेकेदारों से वो लेवी वसूलने में लगा था। एक बार पुलिस ने उसे 18 लाख रुपये के साथ पकड़ा था। बाद में पूछताछ में पता चला कि वो कहीं से लेवी की रकम वसूल कर आ रहा था।
एसटीएफ लगातार उसे पकड़ने के लिए जाल बिछाती थी लेकिन वो चकमा
देकर फरार हो जाता था। तीन बार पुलिस से उसकी मुठभेड़ हो चुकी थी। इसी बीच एसटीएफ
को खबर मिलती है कि झारखंड के बूढ़ा पहाड़ पर पुलिसिया मुठभेड़ में वो घायल हो
चुका है। उसे गोली लगने की खबर थी। एसटीएफ को खबर मिली कि अपना इलाज कराने सुबोध
पटना आने वाला है। पटना में पुलिस को अलर्ट कर दिया गया। शनिवार को एसटीएफ को खबर
मिली कि रामकृष्ण नगर में वो छिपा हुआ है। खबर की पुष्टि होते ही एसटीएफ ने छापा
मारा और रामकृष्ण नगर से उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार नक्सली सुबोध सिंह
जहानाबाद के सिकरिया का रहनेवाला है।