बिहार उत्तरप्रदेश मध्यप्रदेश उत्तराखंड झारखंड छत्तीसगढ़ राजस्थान पंजाब हरियाणा हिमाचल प्रदेश दिल्ली पश्चिम बंगाल

LATEST NEWS

सड़क पर कील लगाकर लूटपाट करने वाले गिरोह का पुलिस ने किया पर्दाफाश, एक बदमाश को किया गिरफ्तार

सड़क पर कील लगाकर लूटपाट करने वाले गिरोह का पुलिस ने किया पर्दाफाश, एक बदमाश को किया गिरफ्तार

AURANGABAD : जिले के दाउदनगर पुलिस ने सड़क पर कील लगाकर लूटपाट की घटना को अंजाम देने वाले एक अपराधी को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार अपराधी राजेंद्र प्रसाद दाउदनगर थाना क्षेत्र के रेपुरा गांव का निवासी है। उसके पास से लूटा गया दो मोबाइल भी बरामद किया गया है। एसडीपीओ कुमार ऋषिराज ने बताया कि दाउदनगर थाना कांड संख्या 115/ 22 के अनुसंधान एवं छापेमारी तथा गुप्त सूचना के आधार पर दाउदनगर थाना के सब इंस्पेक्टर गिरींद्र कुमार सिंह ने इस कांड के प्राथमिकी अभियुक्त राजेंद्र प्रसाद को उसके घर के पास से गिरफ्तार किया है। उसके पैकेट से इस लूट कांड का लूटा हुआ एक मोबाइल भी बरामद किया गया और उसके घर के बिछावन से हसपुरा थाना कांड संख्या 49/ 22 में लूटी गयी एक मोबाइल को बरामद किया गया है। एसडीपीओ ने बताया कि दाउदनगर- पटना मुख्य पथ पर होटल साईं रेस्टोरेंट एवं मैरेज पैलेस से करीब एक सौ मीटर उत्तर की ओर एन एच 139 पर स्विफ्ट डिजायर पर सवार लोगों से लूटपाट की घटना घटी थी।   भोजपुर जिला के अगियांव गड़हनी थाना क्षेत्र के कुरकुरी गांव निवासी दिनेश कुमार सिंह द्वारा एक प्राथमिकी दाउदनगर थाना में दर्ज करायी गयी थी। इस घटना में गोली लगने से दिनेश कुमार सिंह जख्मी हुये थे। 

चार मार्च की रात इस कांड के वादी अपने साथी भोजपुर जिला के गड़हनी थाना के लभुआनी गांव निवासी पैक्स अध्यक्ष शिवमंगल सिंह एवं वार्ड सदस्य भोला राम के साथ स्विफ्ट डिजायर गाड़ी से धनबाद से अपने गांव कुरकुरी जा रहे थे। रात्रि करीब 11:50 बजे उक्त स्थान पर गाड़ी का अगला चक्का में कील धंस गया। स्विफ्ट डिजायर पर सवार लोग गाड़ी से नीचे उतर कर गाड़ी का स्टेपनी बना कर आगे बढ़ने ही वाले थे।  तभी अचानक चार अपराधी अपने -अपने हाथ में कट्टा लिये पहुंच गये और वादी को निशाना बनाकर फायर कर दिया। गोली दिनेश कुमार सिंह के पेट में लग गयी। अपराधियों ने स्विफ्ट डिजायर सवार लोगों को मुख्य सड़क के दाहिने ओर रेलिंग फांद नीचे झाड़ी की ओर ले जाकर इनसे 30 हजार रुपए, सोने का चैन ,मोबाइल लूट लिया। शिवमंगल सिंह से भी मोबाइल और पांच हजार रुपए छीन लिया। चालक बम भोला राम के पॉकेट से छह हजार रुपए,उसका लाइसेंस, आधार कार्ड अपराधियों ने लूट लिया। इसी क्रम में अपराधियों द्वारा इन सभी के साथ मारपीट की घटना को अंजाम दिया गया। अपराधी घटना को अंजाम देने के बाद मारपीट कर वहां से इन लोगों को भगा दिया। लूट का शिकार हुये लोग तेजी से कलेर की ओर भाग गये और सहार के सरकारी अस्पताल में जाकर अपना इलाज कराया। जहां से दिनेश कुमार सिंह को चिकित्सक द्वारा बेहतर इलाज के लिये आरा रेफर कर दिया गया। इलाज के बाद सात मार्च को दाउदनगर थाना में आकर प्राथमिकी दर्ज करायी गयी। 

एसडीपीओ ने बताया कि 24 फरवरी की रात में हसपुरा थाना क्षेत्र के अहियापुर के पास कनाप से अखबार लाने दाउदनगर जा रहे एक ऑटो चालक के साथ लूटपाट की घटना घटी थी। इस संबंध में हसपुरा थाना में प्राथमिकी संख्या 49/22 दर्ज है। ऑटो चालक ऑटो लेकर अखबार लाने के लिये दाउदनगर आ रहा था। उसी दौरान पेड़ गिरा कर अपराधियों द्वारा रास्ता को अवरुद्ध कर दिया गया था और ऑटो चालक से 35 सौ रुपए नगद और मोबाइल लूट लिया गया था। एसडीपीओ ने बताया कि ओबरा थाना क्षेत्र के भरुब मोड़ के पास की कील लगाकर कर दो ट्रकों से लूटपाट की घटना के मामले में जेल में बंद दाउदनगर थाना क्षेत्र के भगवान बिगहा निवासी महावीर यादव को पुलिस रिमांड पर लेगी। ओबरा पुलिस ने पिछले दिनों उसे दाउदनगर शहर के एक इलाके से गिरफ्तार कर जेल भेजा था। एसडीपीओ ने बताया कि उसे इस मामले में भी रिमांड पर लिया जायेगा। 

औरंगाबाद से दीनानाथ मौआर की रिपोर्ट 

Suggested News