पूर्णिया में मुहर्रम का झन्डा लगा रहे युवक की पुलिस ने पिटाई, आक्रोशित लोगों ने काटा जमकर बवाल

PURNEA : पूर्णिया में मोहर्रम का झंडा लगा रहे युवकों की पुलिस ने पिटाई कर दी। घटना शहर के सहायक खजांची थाना के लाइन बाजार इलाके की है। पिटाई का मामला तूल पकड़ते ही आक्रोशित लोग सहायक खजांची आ पहुंचे। पुलिसिया पिटाई के विरोध में थाना में जमकर हंगामा हुआ। हालात को काबू में करने के लिए सदर एसडीपीओ खजांची थाने पहुंचे।  जहाँ आक्रोशित लोगों ने मौके पर पहुंचे अधिकारियों से आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। हालांकि आक्रोशित लोगों को समझाकर सुलह करा लिया गया है।

घटना के संबंध में पीड़ित दानिश ने बताया कि वह अपने दोनों दोस्तों के साथ सहायक खजांची थाना से लगे घर के सामने मोहर्रम का झंडा लगा रहे थे।  इसी बीच पुलिस की गश्ती गाड़ी वहां पहुंची। जब तक वे पुलिस से कुछ कहते। पुलिस ने बदतमीजी शुरु कर दी। जिसके बाद इनमें से एक लड़के का पुलिस की गश्ती दल से विवाद हो गया। जिसके बाद उसकी पिटाई कर दी गई। जब वे बचाव में उतरे तो पुलिस ने उनकी भी पिटाई शुरू कर दी। पुलिस की पिटाई में उनके हाथ पैर और कई जगह गंभीर चोटें आई हैं।

इसी से नाराज लोग सहायक खजांची थाना पहुंचे और पुलिस पिटाई का विरोध करते हुए थाने में हंगामा किया। हालात पर काबू पाने सदर एसडीपीओ और सदर एसडीपीओ ने आक्रोशित लोगों को समझाया। लोगों की मांग है कि आरोपी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की जाए। जब तक आरोपी पुलिसकर्मी को बर्खास्त नहीं किया जाएगा मोहर्रम का जुलूस नहीं निकालेंगे।

Nsmch
NIHER

सदर एसडीपीओ पुष्कर कुमार ने कहा की गलतफहमी के कारण दोनों के बीच विवाद हुआ था। समूचे मामले की छानबीन की जा रही है। आक्रोशित लोगों को समझा लिया गया है। फ़िलहाल शांति का माहौल है। 

पूर्णिया से अंकित कुमार झा की रिपोर्ट