कोर्ट में जमानत के लिए अपनी जगह दूसरे व्यक्ति को पेश कर दिया, इस कुख्यात अपराधी की हरकत से पुलिस-अदालत भी हैरान

JAMUI : जमुई पुलिस ने शहर के कचहरी चौक से सुमन कुमार उर्फ अवध साव नाम के शख्स को गिरफ्तार किया है जो पैक्स अध्यक्ष भी है। जिसकी तलाश कई आपराधिक कांडों में पुलिस को थी। जानकारी मिल रही है कि गिरफ्तार सुमन कुमार 50 हजार का ईनामी फरार पप्पू मंडल के बदले कोर्ट में जमानत लेने पहुंचा था। बताया जा रहा है कि कोर्ट को गुमराह करने की कोशिश की गई।
जानकारी के अनुसार इनामी अपराधी पप्पू मंडल के बदले सुमन कुमार उर्फ अवध साव जमानत के लिए कोर्ट पहुंचा था, जहां जिला अभियोजन पदाधिकारी ने उसे पप्पू मंडल होने को लेकर आपत्ति जताई थी। बताते चलें कि पप्पू मंडल कई अपराधिक मामलों में फरार है जिस पर पुलिस ने 50 हजार का इनाम भी घोषित कर रखा है। पुलिस ने जिस शख्स सुमन कुमार को गिरफ्तार किया है, वह अमरथ पंचायत का पैक्स अध्यक्ष बताया गया है, जो उसी संगथु गांव का रहने वाला है जहां का फरार इनामी पप्पू मंडल है। सुमन कुमार उर्फ अवध साव पप्पू मंडल के बदले कोर्ट मेंजमानत के लिए पहुंचा था।
मामले में एसपी ने बताया कि गिरफ्तार शख्स की भी पुलिस की तलाश थी। वहीं पप्पू मंडल के वकील ने बताया है कि कोर्ट में पप्पू मंडल आया था जो पुलिस को देख कर भाग गया, गिरफ्तार शख्स सुमन कुमार उर्फ अवध साव है। बता दें पप्पू मंडल के खिलाफ कई जघन्य अपराध के मामले जमुई थाना में दर्ज है साथ ही पप्पू मंडल की पत्नी 2020 विधानसभा चुनाव में जमुई विधानसभा की प्रत्याशी भी रह चुकी है।