न्याय की गुहार लेकर आईजी के पास पहुंची रेप पीड़ित महिला, पुलिस पर बेरहमी से पिटाई करने का लगाया आरोप, आरोपों को सिटी एसपी ने सिरे से खारिज
MUZAFFARPUR : मुजफ्फरपुर की एक रेप पीड़िता महिला ने पुलिस पर बेरहमी से पिटाई करने का आरोप लगाया है. महिला ने पूरे मामले को लेकर तिरहुत रेंज के आइजी कार्यालय पहुंच कर एक ज्ञापन सौंपा हैं. इसमें पुलिस व महिला थानेदार पर बेरहमी से पिटाई करने व मोबाइल जबरन जब्त करने का आरोप लगाया है. महिला खुद को दुष्कर्म पीड़िता बता रही है.
उसका कहना है कि एक गांव के रहने वाले उसके पति के दोस्त ने कुछ दिनों पूर्व उसको खाना में नशीला पदार्थ खिला कर दुष्कर्म किया था. इसको लेकर कोर्ट में वह परिवाद भी दायर कर चुकी है. कोर्ट से थानेदार को प्राथमिकी दर्ज करने का भी आदेश जारी हो चुका है. लेकिन थाना की पुलिस के द्वारा प्राथमिकी दर्ज नहीं किया गया है.
महिला ने आइजी कार्यालय में सौंपे आवेदन में यह आरोप लगाया है कि बीते 17 जून को थानेदार पुलिस टीम के साथ उसके घर पर पहुंचे. उसको जबरन उठाकर थाने ले जाया गया और उसकी बेरहमी से पिटाई किया गया. महिला का आरोप है कि उसके साथ जिस पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है. उसको भी उठाया. लेकिन आरोपी को छोड़ दिया गया.
जबकि उसको देर रात में महिला थाने के हवाले कर दिया गया. उसने महिला थानेदार पर मोबाइल देने के एवज में पांच हजार रुपये मांगने का भी आरोप लगाया है. इधर, ब्रह्मपुरा थानेदार सुभाष मुखिया ने महिला के साथ मारपीट के आरोप से इनकार किया है. उसका कहना है कि महिला व एक व्यक्ति को होटल में संदिग्ध स्थिति में मारपीट व हंगामा करते हुए पकड़े गए थे. डायल 112 की टीम उनको थाने लायी थी. अब पूरे मामले को लेकर सिटी एसपी अवधेश दीक्षित ने कहा कि मामला फर्जी हैं, महिला गलत आरोप लगा रही हैं, उसके साथ कहीं मारपीट नहीं हुई हैं, सारे आरोप बेबुनियाद हैं.
मुजफ्फरपुर से मणिभूषण की रिपोर्ट