Bihar News: पति जुए में हारा 3 करोड़ रुपए, घर-गहना भी बेचा, तंग आकर पत्नी ने मायके में खाया जहर, इलाके में मचा कोहराम

Bihar News: पति जुए में हारा 3 करोड़ रुपए, घर-गहना भी बेचा,

Bihar News: बिहार के नवादा जिले के नरहट थाना क्षेत्र स्थित हासापुर गांव में एक विवाहिता ने मायके में जहर खाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान 27 वर्षीय अंजलि कुमारी के रूप में हुई है, जो शशिकांत कुमार की पुत्री थीं। जानकारी के अनुसार, अंजलि की शादी अप्रैल 2022 में रूपौ थाना क्षेत्र के नीमडीह गांव निवासी नीतीश कुमार से हुई थी। दोनों की एक छोटी पुत्री भी है।

जुए में हारा 3 करोड़ रुपए 

मृतका के पिता शशिकांत कुमार ने दामाद और उसके परिवार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि उनकी बेटी को लगातार प्रताड़ित किया जाता था। उन्होंने बताया कि दामाद नीतीश कुमार को ऑनलाइन जुए की लत थी, जिसके चलते वह आर्थिक रूप से बुरी तरह टूट चुका था। परिजनों के अनुसार, नीतीश कुमार जुए में करीब 3 करोड़ रुपये हार चुका था। 

मकान और पत्नी के गहने भी बेचे 

उसने नवादा में अपना मकान बेच दिया था और अंजलि को मायके से मिला करीब 35 भर सोना भी बेच दिया। इतना ही नहीं, शादी में दिए गए 21 लाख रुपये तिलक और बाद में दिए गए 19 लाख रुपये भी जुए में गंवा दिए गए। बताया जा रहा है कि अंजलि पिछले पांच महीने से मायके में रह रही थीं। मंगलवार को वह अपनी पुत्री के साथ घर पर थीं, तभी उन्होंने गेहूं में डालने वाली जहरीली दवा खा ली, जिससे उनकी मौत हो गई।

बेंगलुरु में इंजीनियर के रूप में कार्यरत है पति

परिजनों का आरोप है कि दामाद फोन पर भी उन्हें प्रताड़ित करता था और उन्हें वापस ले जाने नहीं आया। बताया गया है कि नीतीश कुमार बेंगलुरु में इंजीनियर के रूप में कार्यरत है। मामले को लेकर नरहट थाना प्रभारी गौतम कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और परिजनों के आवेदन के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

नवादा से अमन की रिपोर्ट