भागलपुर में रिटायर्ड फौजी की दबंगई,पहले युवक के आंख में डाला मिर्ची पाउडर, फिर तलवार से किया हमला, बचाव में आई पत्नी को भी किया लहूलुहान

BHAGALPUR: भागलपुर के सुलतानगंज थाना क्षेत्र के मशदी गांव से एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। जहां एक रिटायर्ड फौजी ने पति-पत्नी दोनों को धारदार हथियार से लहू लुहान कर दिया है। पहले रिटायर्ड फौजी ने युवक के आंखों में मिर्ची का पाउडर डाला फिर धारदार हथियार से वार किया। वहीं बचाव में सामने आई पत्नी को भी लहूलुहान कर दिया। वहीं सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है। फिलहाल आरोपी मौके से फरार है।
दरअसल, खेत में काम कर रहे उचित लाल मंडल और उनकी पत्नी सावित्री देवी की गला काटकर हत्या करने का प्रयास गांव के ही रिटायर्ड फौजी जमादार मंडल के द्वारा किया गया। जानकारी अनुसार खेत में उचित लाल मंडल कम कर रहे थे। इसी दौरान आरोपी जमादार मंडल पहुंचा और पहले उचित लाल मंडल की आंखों में मिर्ची का पाउडर डाल दिया और उसके बाद तलवार से गले पर वार करने लगा।
वहीं पति पर वार होता देख जब पत्नी सावित्री देवी वहां पहुंची और बचाने का प्रयास करने लगी। तभी आरोपी के द्वारा पत्नी के गले को भी काटने का प्रयास किया गया और गले के साथ-साथ शरीर के अन्य हिस्सों में तलवार से हमला कर बुरी तरह से घायल कर दिया। दोनों पति-पत्नी के गले पर तलवार से हमला करने के बाद दोनों को खेत में ही घायल अवस्था में छोड़ कर वहां से आरोपी फरार हो गया।
मामले को लेकर घायलों का कहना है कि जमादार मंडल के द्वारा सरकारी जमीन पर घर बनाया गया था। जिसकी शिकायत उनके बेटे ने विभाग में की थी, और विभाग के द्वारा उसका मकान तोड़कर वहां पर सड़क बना दिया गया। जिसको लेकर वह गुस्से में था और इसके बाद आज उसने हत्या करने का प्रयास किया है। फिलहाल घायल पति-पत्नी का इलाज जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा अस्पताल में किया जा रहा है। वहीं पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।