CM' पद को लेकर JDU-BJP में बयानबाजी तेज, जायसवाल ने कुशवाहा से 2025 तक NDA में रहने की मांगी गारंटी

DELHI : बिहार में नीतीश कुमार को हटाकर बीजेपी के मुख्यमंत्री बनने की चर्चा खत्म होती हुई नजर नहीं आ रही है। बीजेपी नेता लगातार इस बात की वकालत कर रहे हैं कि अब उनकी पार्टी बिहार में सबसे बड़ी पार्टी है, ऐसे में मुख्यमंत्री भाजपा का होना चाहिए। अब बिहार बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल ने 'मुख्यमंत्री' प्रकरण पर एक बड़ा बयान दिया है।

'भविष्य में कोई भी बन सकता है मुख्यमंत्री'

उन्होंने कहा कि गत विधानसभा चुनाव में नीतीश कुमार एनडीए के चेहरा बने थे और आज भी वो मुख्यमंत्री हैं। लेकिन भविष्य में क्या होगा ये किसी को कुछ पता नहीं है। साथ ही उन्होंने उपेंद्र कुशवाहा को लेकर भी तंज कसा जिसमें कुशवाहा ने नीतीश कुमार के 2025 तक मुख्यमंत्री रहने की भविष्यवाणी की थी।


'कुशवाहा पहले गारंटी दें कि वो JDU नहीं छोड़ेंगे'

संजय जायसवाल ने कहा कि 'उपेंद्र कुशवाहा को दूसरे की भविष्यवाणी करने से पहले अपनी गारंटी देनी चाहिए। कुशवाहा को वादा करना चाहिए कि वो 2025 के बाद भी जदयू और एनडीए के साथ जुड़े रहेंगे। उपेंद्र कुशवाहा के खुद की गारंटी है नहीं कि वो 2025 के बाद कहाँ जाएंगे और वो नीतीश कुमार की भविष्यवाणी कर रहे हैं।' संजय जायसवाल और उपेंद्र कुशवाहा के बीच इससे पहले ही जुबानी लड़ाई हो चुकी है। 

गौरतलब है कि इससे पहले जनता दल यूनाइटेड (JDU) संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने कहा था कि अगर भारतीय जनता पार्टी यह सोचती है कि 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव से पहले ही वह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को हटाकर अपने नेता को बिहार में मुख्यमंत्री बनाएगी, तो ऐसा कुछ होने वाला नहीं है। उन्होंने कि जब तक बिहार में बीजेपी और जनता दल यूनाइटेड गठबंधन में रहेगी, तब तक मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ही बने रहेंगे।