बिहार उत्तरप्रदेश मध्यप्रदेश उत्तराखंड झारखंड छत्तीसगढ़ राजस्थान पंजाब हरियाणा हिमाचल प्रदेश दिल्ली पश्चिम बंगाल

LATEST NEWS

संजय पासवान के बयान से एनडीए में बवाल, जदयू ने अमित शाह से की यह मांग

संजय पासवान के बयान से एनडीए में बवाल,  जदयू ने अमित शाह से की यह मांग

NEWS4NATION DESK : बीजेपी के विधान पार्षद व पूर्व केन्द्रीय मंत्री संजय पासवान द्वारा बिहार में सीएम चेहरे को लेकर दिये गये बयान पर जदयू की ओर से आपत्ति जताई गई है। 

जदयू के राष्ट्रीय प्रवक्ता केसी त्यागी ने संजय पासवान के बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा है कि भाजपा एक अनुशासित पार्टी है। मुझे उम्मीद है कि संजय पासवान के गैर अनुशासित बयान पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह संज्ञान लेंगे और आगे से इस तरह के बयान पर रोक लगाएंगे।

केसी त्यागी ने कहा है कि अमित शाह ने सार्वजनिक रूप से कहा है कि बिहार में विधानसभा का चुनाव मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए लड़ेगा। एनडीए के घटकदल लोजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष रामविलास पासवान और वर्तमान अध्यक्ष चिराग पासवान ने संयुक्त रूप से कहा है कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में हमलोग चुनाव लड़ेंगे। 

उन्होंने यह भी कहा कि जदयू के किसी सदस्य द्वारा कभी भी गठबंधन में रहते हुए न तो पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी के नेतृत्व पर और न ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर नकारात्मक टिप्पणी किया गया है।


 बता दें भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह साफ कर चुके हैं कि बिहार विधानसभा चुनाव में नीतीश कुमार ही एनडीए का चेहरा होंगे। भाजपा, जदयू और लोजपा द्वारा राज्य में अगला विधानसभा चुनाव मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के ही नेतृत्व में लड़ा जाएगा। 

भाजपा शीर्ष नेतृत्व से उलट पूर्व केन्द्रीय मंत्री और भाजपा विधान पार्षद डा. संजय पासवान ने एक बार फिर विवादित बयान दिया है। बुधवार को मीडिया से बातचीत में डा. पासवान ने मुख्यमंत्री पद पर भाजपा की दावेदारी जताई। कहा कि जनता अब भाजपा के किसी पिछड़े वर्ग के नेता को मुख्यमंत्री के रूप में देखना चाहती है। 

डा. पासवान ने कहा कि अब तक वह राज्य के लगभग 22 जिलों में भ्रमण कर चुके हैं। जनता से जिस तरह से फीडबैक मिल रहे हैं उससे भाजपा की ओर से उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी या केन्द्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय को मुख्यमंत्री के रूप में सामने रख चुनाव लड़ा जा सकता है। इसके अलावा उप मुख्यमंत्री का पद किसी सवर्ण या दलित या फिर दोनों को दिया जा सकता है।

Suggested News