शारदा अभ्रक खदान में फिर धंसा चाल, दबने से किशोर की मौत व दो घायल, अधिकारी ने मौत की नहीं की पुष्टि

नवादा. जिले के रजौली थाना क्षेत्र सवैयाटांड़ पंचायत की चटकरी स्थित शारदा अभ्रक खदान में चाल धंसने से एक किशोर मजदूर की मौत हो गई है। जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गये। घायलों को इलाज के लिए पास के झारखंड राज्य के कोडरमा ले जाया गया है। मृतक की पहचान कृष्णा चौधरी के 13 वर्षीय पुत्र नीरज चौधरी के रूप में हुई है। घायलों में गुड़िया देवी और पति मनु चौधरी शामिल हैं।
मृतक किशोर व घायल दंपती झारखंड राज्य के ही कोडरमा जिले के जौनपुर गांव के निवासी बताए गए हैं। घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल कोडरमा ले जाया गया है। सूचना के बाद रजौली के थानाध्यक्ष दरबारी चौधरी दलबल के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं। उन्होंने, जांच पड़ताल के बाद ही कुछ बताने की बात कही है।
बता दें कि हाल के दिनों में अवैध अभ्रक खनन की तीन घटनाएं सामने आ चुकी हैं। दो घटनाएं शारदा माइंस में हुई। कुछ दिनों पूर्व ही अवैध विस्फोट से एक मजदूर का हाथ-पैर उड़ गया था। वहीं एक घटना भानेखाप माइंस में हुई है, जिसमें एक बच्ची की मौत हुई थी।
हालांकि, इस घटना में पुलिस को कोई सुराग नहीं मिल सका था। लगातार घटना होने के बाद भी स्थानीय प्रशासन, वन विभाग व खनन विभाग इसपर रोक लगाने में विफल हो रही है। ताजा घटना के बावत प्रशासन का पक्ष अबतक सामने नहीं आ सका है। लेकिन सूत्र से मिली जानकीर के अनुसार घटना की पुष्टि हो रही है।