बिहार उत्तरप्रदेश मध्यप्रदेश उत्तराखंड झारखंड छत्तीसगढ़ राजस्थान पंजाब हरियाणा हिमाचल प्रदेश दिल्ली पश्चिम बंगाल

LATEST NEWS

सुधाकर सिंह ने फिर बोला नीतीश पर करारा हमला, किसी कीमत पर छोड़ेंगे नहीं..फिर होगा राजद जदयू में भिड़ंत

सुधाकर सिंह ने फिर बोला नीतीश पर करारा हमला, किसी कीमत पर छोड़ेंगे नहीं..फिर होगा राजद जदयू में भिड़ंत

AURANGABAD : RJD विधायक सुधाकर सिंह पिछले चार महीने से जदयू के लिए सबसे बड़ी परेशानी बन चुके हैं। अब तक मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की आलोचना सिर्फ कृषि और किसानों को लेकर बने नीतियों को लेकर करते थे। लेकिन, उन्होंने बिहार के बाहर काम करनेवाले मजदूरों को पिटे जाने के मामले और शिक्षा व्यवस्था को लेकर भी मुख्यमंत्री के काम पर सवाल उठा दिए हैं। औरंगाबाद के गोह प्रखंड  में डाढ़ा गांव में पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष राजेंद्र सिंह के आवास पहुंचे सुधाकर सिंह ने कहा कि वे जनता के मुद्दे उठाते हैं और उठाते रहेंगे। सवाल सत्ता से ही पूछा जाना चाहिए। हम जो भी सवाल उठाते हैं, वह किसी व्यक्ति से नहीं; बल्कि पद से करते हैं।

मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता है

उन्होंने कहा कि यह कह देना कि बिहारी बाहर पीटे नहीं जा रहे, यह अनैतिक होगा। सच यही है कि बिहारी काम की तलाश में बाहर जा रहे हैं और विभिन्न प्रदेशों में पीटे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता के मुद्दों को उठाते रहे हैं और आगे भी उठाते रहेंगे। इससे किसी को क्या फर्क पड़ता है या नहीं पड़ता है, कौन क्या सोचता है, इसकी चिंता नहीं करते।

सत्ता में अपना सगा क्यों न हो, सवाल पूछें

कहा कि सत्ता किसी व्यक्ति की नहीं होती। सबकी सामूहिक जिम्मेदारी होती है। सत्ता में अपना सगा ही क्यों न हो, सवाल पूछे जाने चाहिए। कहा कि न जाने कैसे पार्टी लाइन का परसेप्शन बना दिया गया है। सत्ता हमेशा जनता को गुमराह करती है। इस दौरान उन्होंने शिक्षा, रोजगार और कानून के मुद्दे पर परोक्ष रूप से मुख्यमंत्री पर जमकर कटाक्ष किया।

विवि में लेट सेशन पर उठाया सवाल

रामगढ़ विधायक ने कहा कि पढ़े-लिखे बुद्धिजीवी लोगों के बीच बोल रहा हूं, इसलिए मेरी भाषा प्रतीकात्मक है, बाकी आप समझदार हैं। उन्होंने बिहार के विश्वविद्यालयों के लेट सेशन पर सवाल उठाते हुए बिहार के भविष्य के बारे में सवाल पूछा, रोजगार के लिए पलायन, अफसरशाही पर सत्ता को कठघरे में खड़ा किया।

सरकार की पहचान किसी शख्स से नहीं होती

सुधाकर सिंह लगातार राज्य सरकार की आलोचना करते रहे, लेकिन एक बार भी उन्होंने नीतीश कुमार का नाम नहीं लिया। कहा कि मोदी सरकार, नीतीश सरकार जैसे शब्दों का प्रयोग लोकतंत्र के लिए अनुचित है। मीडिया को ऐसा नहीं करना चाहिए। यह दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति है कि देश या प्रदेश के लोग किसी एक के नाम से पहचाने जाएं।

इस दौरान राजद नेता मंटू सिंह, दीपक सिंह उर्फ दीपू सिंह, कांग्रेस के प्रखंड अध्यक्ष संजय कुमार सिंह, राम अयोध्या सिंह, शंभु बारी, मुकेश कुशवाहा, देवी लाल यादव, रामेश्वर चौधरी उपस्थित रहे।

Suggested News