उमेश कुशवाहा ने निखिल मंडल का नाम काटा, प्रवक्ता की लिस्ट जारी होने के बाद JDU में बवाल ! मंडल की चुनौती- आप गलतफहमी में न रहें...2020 में आप भी चुनाव हारे और मैं भी ..

उमेश कुशवाहा ने निखिल मंडल का नाम काटा, प्रवक्ता की लिस्ट जा

PATNA: नए प्रवक्ताओं और मीडिया पैनलिस्ट की सूची जारी करने के बाद जेडीयू में भूचाल आ गया है.5 तारीख को तीन प्रवक्ता बनाए जाने का पत्र जारी हुआ, अगले दिन नई सूची जारी हुई. नई सूची में खेल कर दिया गया और एक प्रवक्ता का नाम काट दिया गया. इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा कटघरे में खड़ा हो गए हैं. जिस प्रवक्ता का नाम नई सूची से गायब था उन्होंने 5 अप्रैल वाली सूची जारी कर जेडीयू प्रदेश अध्यक्ष की पोल खोल दी है. दरअसल, वरिष्ठ नेता निखिल मंडल को भी प्रवक्ता बनाया गया था. 5 अप्रैल की लिस्ट में उनका नाम था. आज जो नई लिस्ट जारी हुई उसमें प्रवक्ता के दो ही नाम थे. निखिल मंडल को आउट कर दिया गया था. नई सूची जारी होने के बाद निखिल मंडल ने प्रदेश अध्यक्ष की जमकर खिंचाई की है. 

उमेश कुशवाहा ने निखिल मंडल का नाम काटा

जेडीयू नेता निखिल मंडल ने अपने फेसबुक पोस्ट पर लिखा,'' कल हमारी पार्टी जद (यू) की चुनाव अभियान समिति की बैठक प्रदेश कार्यालय में हुई। पार्टी के वरिष्ठ नेतागण ने 3 नए प्रवक्ता की सूची जारी की, जिसमें मुझे भी जगह दी गई। यह सूची मीडिया के साथियों को भी भेज दी गई थी। फिर पार्टी ऑफिस से खबर आयी कि प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने लिस्ट रोक दिया है और कल संशोधित लिस्ट जारी की जाएगी। आज लिस्ट जारी की गई, सभी नाम यथावत है सिर्फ़ मुझे छोड़ कर। प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा जी आप ग़लतफ़हमी के शिकार हो गए हैं। ये पार्टी ना आपकी है, ना मेरी है। ये पार्टी सिर्फ़ और सिर्फ़ नीतीश कुमार की है, जो मेरे राजनीतिक गुरु हैं .पहले भी उन्होंने ही मुझे प्रवक्ता बनाया था। पिछली कमेटी में मुझे प्रदेश महासचिव भी नीतीश कुमार ने ही बनाया था।

जेडीयू नेता ने अपने प्रदेश अध्यक्ष की जमकर की खिंचाई 

प्रदेश अध्यक्ष जी, आपकी कृपा से ना राजनीति में हूं और ना किसी पद पर हूं। 2020 का विधानसभा चुनाव आप भी हारे और मैं भी हारा। आप प्रदेश अध्यक्ष हैं तो नीतीश कुमार जी के आशीर्वाद से, ना कि अपनी क़ाबिलियत से। पार्टी में पिछले 19 साल से कार्यकर्ता के रूप में काम कर रहा हूं और नीतीश कुमार जी के हाथों को ना सिर्फ़ मैं बल्कि मेरा पूरा परिवार मज़बूत कर रहा है। राजनीति करनी है तो दिल बड़ा कर कीजिए, ऐसा काम तो बच्चे भी नहीं करते हैं। कल से आज तक के घटनाक्रम की सूची डाल रहा हूं, ख़ुद ही तय कीजिए कि पार्टी को मज़बूत किया जा रहा है या फिर कमजोर. राजनीति में हूं, मेहनत करता हूं, पर सम्मान से समझौता नहीं करता। मेरे रगों में बीपी मंडल साहब का खून दौड़ता है।  आगे फ़ैसला हम सबके नेता नीतीश कुमार को लेना है कि मेरी भूमिका पार्टी में क्या होगी

बता दें, पार्टी का पक्ष रखने के लिए प्रवक्ताओं और मीडिया पैनलिस्ट की नियुक्ति की गई है. इस बार मुख्य प्रवक्ता के अलावे सिर्फ दो प्रवक्ता होंगे. जबकि मीडिया पैनल में 11 नेताओं को जगह दी गई है. डॉ. निहोरा प्रसाद यादव और अरविंद निषाद को प्रवक्ता बनाया गया है. वहीं मीडिया पैनल में ओमप्रकाश सिंह सेतु के अलावे अन्य 10 लोगों के नाम हैं. जेडीयू के मुख्य प्रवक्ता की तरफ से यह लिस्ट जारी की गई है. ये सभी मीडिया में पार्टी या गठबंधन का पक्ष रखेंगे. 

मीडिया पैनल में 11 लोगों को मिली जगह

जिन लोगों को मीडिया पैनल में शामिल किया गया है उनमें इम्तियाज अहमद अंसारी, श्वेता विश्वास, मनोरंजन गिरी, कमल नोपानी, ओमप्रकाश सिंह सेतु, प्रतिभा सिंह, हुलेश मांझी, अजीत पटेल, पूजा एन. शर्मा, पल्लवी पटेल और मधुरेंद्र पांडेय शामिल हैं.