सात समंदर पार से वोट देने खगड़िया पहुंची महिला, मतदाताओं से की खास अपील

सात समंदर पार से वोट देने खगड़िया पहुंची महिला, मतदाताओं से

KHAGARIYA: लोकसभा चुनाव 2024 के तीसरे चरण में 11 राज्यों की 93 सीटों पर मतदान शुरु हो गया है। तीसरे चरण के लिए वोटिंग बिहार, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, असम, छत्तीसगढ़, गोवा, गुजरात, महाराष्ट्र, उत्तरप्रदेश, पश्चिम बंगाल, दादरा और नगर हवेली/दमन और दीव, जम्मू-कश्मीर में हो रही है। इस चरण के चुनाव में कई दिग्गजों की किस्मत भी दांव है। बिहार की पांच लोकसभा सीट- झंझारपुर, सुपौल, अररिया, मधेपुरा, खगड़िया में वोटिंग हो रही है। दोपहर 1 बजे तक बिहार में 36.69 प्रतिशत मतदान हुआ है।

वहीं बिहार के खगड़िया लोकसभा सीट पर एक अनोखी घटना देखने को मिली। यहां सात समंदर पार से एक महिला वोटिंग देने के लिए पहुंची थी। महिला मतदाता इंग्लैंड से वोट देने के अपने गांव पहुंची थी। महिला का नाम तेजस्विनी है, जो खगड़िया की रहने वाली है। वह हर चुनाव में इंग्लैंड से अपने गांव वोट देने आती है। खगड़िया जिले के प्रसिद्ध डॉक्टर मुरारी पोद्दार की बेटी तेजस्विनी फिलहाल इंग्लैंड में साइकोलॉजिस्ट रिसर्चर की पढ़ाई कर रही हैं।

तेजस्विनी ने बताया कि संविधान ने हमें देश में बेहतर सरकार बनाने के लिए वोट देने का अधिकार दिया है। इसलिए सभी लोगों के लिए मतदान में सक्रिय रूप से भाग लेना जरूरी है, ताकि वे बेहतर सरकार चुन सकें और उज्ज्वल भविष्य का मार्ग प्रशस्त कर सकें। तेजस्विनी ने बताया कि वह मतदान में भाग लेने के लिए नियमित रूप से भारत आती हैं। उन्होंने बताया कि संविधान भारत के निवासियों को बेहतर सरकार चुनने का अधिकार देता है। लोगों को इसके प्रति जागरूक होना चाहिए।

Nsmch

उन्होंने बताया कि उन्होंने कभी भी किसी चुनाव में मतदान करना नहीं छोड़ा। उन्होंने बताया कि वह हर बार मतदान करती हैं क्योंकि इस अधिकार का प्रयोग करना उनका अधिकार और कर्तव्य दोनों है। तेजस्विनी के पति भी उनके साथ थे। उनके पति ने कहा कि तेजस्विनी की तरह हर व्यक्ति को एक मजबूत सरकार बनाने में योगदान देने के लिए मतदान करने का प्रयास करना चाहिए। यह अवसर पांच साल में एक बार आता है और इसे किसी भी हालत में नहीं गंवाना चाहिए।

Editor's Picks