U-19 विश्व कप: भारत ने रचा इतिहास, अफगानिस्तान को रौंदकर लगातार छठी फाइनल में मारी एंट्री; सबसे बड़ा लक्ष्य भी हुआ बौना साबित

आईसीसी अंडर-19 विश्व कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में भारतीय टीम ने इतिहास रचते हुए फाइनल का टिकट कटा लिया है। हरारे में खेले गए इस रोमांचक मुकाबले में भारत ने अफगानिस्तान द्वारा दिए गए 311 रनों के विशाल लक्ष्य को महज 41.1 ओवर में हासिल कर लिया

U-19 विश्व कप: भारत ने रचा इतिहास, अफगानिस्तान को रौंदकर लगा

N4N Desk -  टीम इंडिया के युवा सितारों ने हरारे में इतिहास रच दिया है। अंडर-19 विश्व कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में भारत ने अफगानिस्तान द्वारा दिए गए 311 रनों के विशाल लक्ष्य को महज 41.1 ओवर में हासिल कर लिया। यह अंडर-19 विश्व कप इतिहास का सबसे बड़ा रनचेज है। इस जीत के साथ ही भारत लगातार छठी बार और कुल 10वीं बार फाइनल में पहुंच गया है।  

ऐतिहासिक रनचेज: एरॉन जॉर्ज का शतक और वैभव का 'तूफान'

311 रनों के कड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को वैभव सूर्यवंशी और एरॉन जॉर्ज ने विस्फोटक शुरुआत दिलाई। वैभव ने अफगानी गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाते हुए मात्र 24 गेंदों पर अर्धशतक जड़ दिया। उन्होंने 33 गेंदों पर 68 रनों (9 चौके, 4 छक्के) की पारी खेली। उनके आउट होने के बाद सलामी बल्लेबाज एरॉन जॉर्ज ने मोर्चा संभाला और 115 रनों (104 गेंद, 15 चौके, 2 छक्के) की मैच जिताऊ शतकीय पारी खेली। 

मध्यक्रम ने पक्की की जीत

कप्तान आयुष म्हात्रे ने भी शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 59 गेंदों पर 62 रन बनाए। एरॉन जॉर्ज और आयुष के बीच हुई 114 रनों की साझेदारी ने अफगानिस्तान को मैच से पूरी तरह बाहर कर दिया। अंत में उप-कप्तान विहान मल्होत्रा ने नाबाद 38 रन बनाकर टीम को 41.1 ओवर में ही जीत की दहलीज पार करा दी। 

अफगानिस्तान का विशाल स्कोर पड़ा छोटा

इससे पहले टॉस जीतकर बल्लेबाजी करते हुए अफगानिस्तान ने निर्धारित ओवरों में 4 विकेट पर 310 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया था। अफगानिस्तान के लिए फैसल शिनोजादा ने 110 रन और उजैरुल्लाह नियाजई ने नाबाद 101 रनों की बेहतरीन पारियां खेलीं। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 148 रनों की साझेदारी हुई। भारत की ओर से कनिष्क चौहान ने सबसे ज्यादा 2 विकेट लिए, जबकि दीपेश देवेंद्रन को 1 सफलता मिली। 

6 फरवरी को इंग्लैंड से 'खिताबी जंग'

भारतीय टीम अब रिकॉर्ड छठी बार विश्व विजेता बनने की कोशिश करेगी। फाइनल मुकाबला 6 फरवरी को हरारे स्पोर्ट्स क्लब में इंग्लैंड के खिलाफ खेला जाएगा। इंग्लैंड ने पहले सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया को हराकर फाइनल में जगह बनाई है।