DC vs GT: आखिरी गेंद तक चला रोमांच, गुजरात टाइटंस ने दिल्ली को 1 रन से हराया
DC vs GT: IPL के मुकाबले गुजरात टाइटंस ने दिल्ली कैपिटल्स को 1 रन से हराया। आखिरी गेंद तक चले रोमांचक मैच में कई मोड़ देखने को मिला है।
DC vs GT: आईपीएल के एक बेहद रोमांचक मुकाबले में गुजरात टाइटंस ने दिल्ली कैपिटल्स को सिर्फ 1 रन से हरा दिया। मैच का नतीजा आखिरी गेंद पर जाकर तय हुआ, जहां दिल्ली को जीत के लिए 2 रन चाहिए थे, लेकिन टीम यह आसान सा लक्ष्य भी हासिल नहीं कर सकी।
मैच का सबसे दिलचस्प पल आखिरी ओवर में देखने को मिला। दिल्ली को अंतिम ओवर में 13 रन चाहिए थे और गेंदबाजी की जिम्मेदारी प्रसिद्ध कृष्णा के हाथ में थी। ओवर की शुरुआत में ही दिल्ली को झटका लगा जब दूसरी गेंद पर विप्रज निगम आउट हो गए। इससे टीम पर दबाव बढ़ गया, लेकिन इसके बाद डेविड मिलर ने मैच में जान डाल दी। उन्होंने चौथी गेंद पर शानदार छक्का लगाकर मुकाबले को फिर से दिल्ली की ओर मोड़ दिया। इस शॉट के बाद स्थिति ऐसी बन गई कि दिल्ली को आखिरी 2 गेंदों में जीत के लिए सिर्फ 2 रन चाहिए थे।
मिलर के रहते नहीं मिली जीत
पांचवीं गेंद पर मिलर बड़ा शॉट लगाने की कोशिश में सफल नहीं हुए और हैरानी की बात यह रही कि उन्होंने एक रन लेने की भी कोशिश नहीं की। अब आखिरी गेंद पर 2 रन की जरूरत थी। प्रसिद्ध कृष्णा ने बहुत समझदारी से धीमी और छोटी गेंद डाली, जिस पर मिलर सही से शॉट नहीं लगा पाए। विकेटकीपर जोस बटलर ने तेजी से गेंद पकड़कर कुलदीप यादव को रन आउट कर दिया। इसी के साथ गुजरात ने 1 रन से रोमांचक जीत हासिल कर ली।
मैच में बल्लेबाजों का जलवा
इस मैच में बल्लेबाजों का भी खूब जलवा देखने को मिला। दिल्ली कैपिटल्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था। गुजरात की ओर से कप्तान शुभमन गिल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 45 गेंदों में 70 रन बनाए। उनके अलावा जोस बटलर ने तेज 52 रन और वाशिंगटन सुंदर ने 55 रन की अहम पारी खेली। इन पारियों की बदौलत गुजरात ने 210 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया।
दिल्ली की शुरुआत अच्छी रही
लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली की शुरुआत अच्छी रही। पथुम निसांका और केएल राहुल ने पहले विकेट के लिए 76 रन जोड़कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। निसांका ने 41 रन बनाए। हालांकि इसके बाद कुछ बल्लेबाज जल्दी आउट हो गए। समीर रिजवी बिना खाता खोले आउट हो गए और नीतीश राणा भी ज्यादा रन नहीं बना सके। इसके बावजूद केएल राहुल ने शानदार खेल दिखाया और 52 गेंदों में 92 रन बनाए। यह मैच का चौथा अर्धशतक था। अंत में डेविड मिलर ने 20 गेंदों में 41 रन बनाकर दिल्ली की उम्मीदें जिंदा रखीं, लेकिन वह टीम को जीत तक नहीं पहुंचा सके। इस हार के साथ दिल्ली कैपिटल्स का जीत का सिलसिला भी टूट गया, जबकि गुजरात टाइटंस ने आखिरी गेंद तक संघर्ष करके यादगार जीत दर्ज की।