IPL RCB Vs MI: रोमांचक मुकाबले में आखिरी गेंद पर जीती RCB, मुंबई इंडियंस को 2 विकेट से दी शिकस्त

IPL RCB Vs MI: RCB ने आखिरी गेंद पर मुंबई इंडियंस को 2 विकेट से हरा दिया। इस हार के साथ MI प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो गई।

IPL RCB Vs MI
मुंबई इंडियंस को 2 विकेट से हरा दिया- फोटो : social media

IPL RCB Vs MI: आईपीएल 2026 के 54वें मुकाबले में मुंबई इंडियंस को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू (RCB) के खिलाफ 2 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। इस हार के साथ ही मुंबई इंडियंस की प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीद पूरी तरह खत्म हो गई। वहीं, आरसीबी ने इस रोमांचक जीत के साथ पॉइंट्स टेबल में पहला स्थान हासिल कर लिया।

यह मुकाबला शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला गया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई इंडियंस की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम को पहले ही ओवर में बड़ा झटका लगा, जब भुवनेश्वर कुमार ने रेयान रिकेल्टन को सिर्फ 2 रन पर आउट कर दिया। इसके बाद रोहित शर्मा भी ज्यादा देर टिक नहीं सके और 10 गेंदों में 22 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। रोहित ने अपनी पारी में 2 चौके और 2 छक्के लगाए।

सूर्यकुमार यादव बिना खाता खोले आउट हो गए

मुंबई की मुश्किलें तब और बढ़ गईं जब कप्तान सूर्यकुमार यादव बिना खाता खोले आउट हो गए। 28 रन पर 3 विकेट गिरने के बाद टीम दबाव में नजर आ रही थी। ऐसे समय में नमन धीर और तिलक वर्मा ने पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों ने चौथे विकेट के लिए 82 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की।नमन धीर ने 32 गेंदों में 47 रन बनाए। उनकी पारी में 5 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। वहीं तिलक वर्मा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 42 गेंदों में 57 रन बनाए। तिलक ने अपनी पारी में 3 चौके और 2 छक्के लगाए।इसके अलावा विल जैक्स 10 रन बनाकर आउट हुए, जबकि राज बावा ने 14 गेंदों में 16 रन का योगदान दिया। मुंबई इंडियंस ने 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 166 रन बनाए।

भुवनेश्वर कुमार सबसे सफल गेंदबाज

आरसीबी की ओर से गेंदबाजी में भुवनेश्वर कुमार सबसे सफल रहे। उन्होंने 4 ओवर में सिर्फ 23 रन देकर 4 अहम विकेट लिए और मुंबई की बल्लेबाजी को शुरुआत में ही दबाव में डाल दिया।167 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी की टीम को आखिरी ओवर में जीत के लिए 15 रन चाहिए थे। मैच बेहद रोमांचक मोड़ पर पहुंच चुका था। अंतिम ओवर में राज बावा ने 5 अतिरिक्त रन दे दिए, जिससे आरसीबी को बड़ा फायदा मिला। मुकाबला आखिरी गेंद तक गया और अंतिम गेंद पर रासिख सलाम ने 2 रन लेकर टीम को जीत दिला दी।इस जीत में क्रुणाल पांड्या ने सबसे बड़ी भूमिका निभाई। उन्होंने दबाव में शानदार बल्लेबाजी करते हुए 73 रन की मैच जिताऊ पारी खेली और टीम को जीत तक पहुंचाया। इस हार के बाद मुंबई इंडियंस का आईपीएल 2026 का सफर लगभग खत्म हो गया, जबकि आरसीबी अब प्लेऑफ की सबसे मजबूत दावेदार टीमों में शामिल हो गई है।