Vaibhav Suryavanshi: ‘वैभव को आउट करना आसान नहीं’, जोफ्रा आर्चर के बयान से मची हलचल,
Vaibhav Suryavanshi: IPL 2026 एलिमिनेटर में राजस्थान रॉयल्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को 47 रन से हरा दिया है। 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने 29 गेंदों में 97 रन बनाए जबकि जोफ्रा आर्चर ने शानदार गेंदबाजी की।
Vaibhav Suryavanshi: आईपीएल 2026 के एलिमिनेटर मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को 47 रन से हराकर क्वालीफायर-2 में अपनी जगह बना ली। इस मैच में 15 साल के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 29 गेंदों में 97 रन बनाए और सभी का ध्यान अपनी तरफ खींच लिया। वहीं इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर ने अपनी तेज गेंदबाजी से हैदराबाद के बड़े बल्लेबाजों को जल्दी आउट कर मैच राजस्थान की तरफ मोड़ दिया।
मैच के बाद सबसे ज्यादा चर्चा वैभव सूर्यवंशी की बल्लेबाजी और जोफ्रा आर्चर के बयान की रही। प्रेजेंटेशन के दौरान आर्चर से पूछा गया कि आखिर वैभव सूर्यवंशी को आउट कैसे किया जा सकता है। इस सवाल पर आर्चर मुस्कुराए और मजाकिया अंदाज में बोले, 'मैं इसका जवाब आईपीएल खत्म होने के बाद दूंगा।' उनका यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। फैंस को आर्चर का यह अंदाज काफी पसंद आया।
वैभव सूर्यवंशी की आक्रामक बल्लेबाजी
वैभव सूर्यवंशी ने इस मुकाबले में शुरुआत से ही आक्रामक बल्लेबाजी की। उन्होंने मैदान के चारों तरफ बड़े शॉट लगाए और हैदराबाद के गेंदबाजों पर लगातार दबाव बनाए रखा। उनकी पारी में 12 छक्के शामिल रहे। सिर्फ 29 गेंदों में 97 रन बनाकर उन्होंने राजस्थान रॉयल्स को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। क्रिकेट फैंस और एक्सपर्ट्स इस पारी को आईपीएल की सबसे शानदार युवा पारियों में से एक मान रहे हैं।
जोफ्रा आर्चर ने की वैभव की जमकर तारीफ
जोफ्रा आर्चर ने भी वैभव की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि वैभव को बल्लेबाजी करते देखना बहुत रोमांचक होता है। आर्चर ने कहा, “वह जितने ज्यादा रन बनाएगा, टीम के लिए उतना अच्छा होगा। जिस तरह की उसकी फॉर्म चल रही है, वह आने वाले मैचों में 150 रन भी बना सकता है।”
जोफ्रा आर्चर ने गेंद से हैदराबाद की बल्लेबाजी तोड़ दी
वैभव ने बल्ले से कमाल किया, वहीं जोफ्रा आर्चर ने गेंद से हैदराबाद की बल्लेबाजी तोड़ दी। उन्होंने पावरप्ले के दौरान ही हैदराबाद के तीन बड़े बल्लेबाज अभिषेक शर्मा, ट्रेविस हेड और ईशान किशन को आउट कर दिया। इन शुरुआती झटकों के बाद हैदराबाद की टीम दबाव में आ गई और मैच में वापसी नहीं कर सकी। आर्चर ने अपनी तेज रफ्तार और सटीक गेंदबाजी से बल्लेबाजों को काफी परेशान किया। हालांकि बाद के ओवरों में उन्हें कुछ रन पड़े, लेकिन शुरुआती विकेटों ने मैच का रुख बदल दिया।
गुजरात टाइटंस से भिड़ेगी राजस्थान
मैच के बाद आर्चर ने कहा कि पावरप्ले में विकेट लेना किसी भी टीम के लिए बहुत जरूरी होता है। उन्होंने कहा, “आमतौर पर वही टीम मैच जीतती है जो पावरप्ले में ज्यादा विकेट लेती है। हैदराबाद के बल्लेबाजों के खिलाफ गेंदबाजी करते समय शांत रहना जरूरी था क्योंकि अच्छी गेंद पर भी रन जा सकते हैं।” इस जीत के बाद राजस्थान रॉयल्स अब क्वालीफायर-2 में गुजरात टाइटंस से भिड़ेगी। टीम की कोशिश फाइनल में पहुंचने की होगी। राजस्थान की मौजूदा फॉर्म को देखते हुए टीम काफी मजबूत नजर आ रही है। वैभव सूर्यवंशी की शानदार बल्लेबाजी और जोफ्रा आर्चर की तेज गेंदबाजी टीम के लिए सबसे बड़ी ताकत बन गई है।