मिडिल ईस्ट तनाव का असर: दुबई एयरपोर्ट पर फंसीं पीवी सिंधु, कई फ्लाइट्स सस्पेंड
संयुक्त राज्य अमेरिका और इज़राइल द्वारा ईरान पर संयुक्त सैन्य हमले के बाद हालात तेजी से बिगड़ गए। जवाब में ईरान की ओर से खाड़ी क्षेत्र में मिसाइल हमले किए गए, जिससे पूरे क्षेत्र में सुरक्षा अलर्ट जारी करना पड़ा।
PV Sindhu : भारत की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु शनिवार को दुबई एयरपोर्ट पर फंस गईं। मिडिल ईस्ट में अचानक बढ़े सैन्य तनाव के कारण फ्लाइट ऑपरेशन अस्थायी रूप से रोक दिए गए, जिससे उनका आगे का सफर प्रभावित हुआ। बताया जा रहा है कि सिंधु मंगलवार से शुरू होने वाले प्रतिष्ठित ऑल इंग्लैंड ओपन में हिस्सा लेने के लिए बर्मिंघम रवाना हो रही थीं। इसी दौरान उन्हें दुबई में रुकना पड़ा। सिंधु ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें एयरपोर्ट पर फंसे यात्रियों की भीड़ दिख रही है। वीडियो के साथ उन्होंने कैप्शन लिखा— “अगली सूचना तक सभी फ्लाइट्स सस्पेंड।”
दरअसल, शनिवार को संयुक्त राज्य अमेरिका और इज़राइल द्वारा ईरान पर संयुक्त सैन्य हमले के बाद हालात तेजी से बिगड़ गए। इसके जवाब में ईरान की ओर से खाड़ी क्षेत्र में मिसाइल हमले किए गए, जिससे पूरे क्षेत्र में सुरक्षा अलर्ट जारी करना पड़ा। इस बढ़ते तनाव का सीधा असर हवाई सेवाओं पर पड़ा। दुनिया के सबसे व्यस्त एयरपोर्ट्स में शामिल दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट समेत कई एयरपोर्ट्स पर फ्लाइट ऑपरेशन अस्थायी रूप से बंद कर दिए गए।
सूत्रों के मुताबिक, ईरान पर हमला उस वक्त हुआ जब उसके न्यूक्लियर प्रोग्राम को लेकर वॉशिंगटन और तेहरान के बीच हफ्तों चली बातचीत किसी ठोस नतीजे तक नहीं पहुंच सकी थी।
इधर, भारत के विदेश मंत्रालय ने बयान जारी कर कहा है कि मिडिल ईस्ट में स्थित भारतीय मिशन वहां रह रहे भारतीय नागरिकों के लगातार संपर्क में हैं। मंत्रालय ने नागरिकों को सतर्क रहने, मिशन के संपर्क में बने रहने और स्थानीय सुरक्षा दिशानिर्देशों का पालन करने की सलाह दी है।
फिलहाल हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है और फ्लाइट सेवाओं की बहाली सुरक्षा स्थिति की समीक्षा के बाद ही संभव होगी।