UP NEWS: महिला डांसर के साथ अशलील हरकत कर बुरे फंसे भाजपा नेता बब्बन सिंह, आलाकमान लिया ये फैसला

बलिया: उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में भारतीय जनता पार्टी के नेता और रसड़ा चीनी मिल के चेयरमैन बब्बन सिंह रघुवंशी की मुश्किलें बढ़ गई हैं। एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान डांसर के साथ कथित अश्लील हरकत करते हुए उनका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद पार्टी ने कड़ा कदम उठाया है।
BJP ने बब्बन सिंह को पार्टी से निकाला
भारतीय जनता पार्टी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए बब्बन सिंह रघुवंशी को पार्टी से निष्कासित कर दिया है। पार्टी की ओर से जारी पत्र में कहा गया: “सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो और आपके बयानों के आधार पर यह स्पष्ट होता है कि आपका आचरण पार्टी की छवि को नुकसान पहुंचाने वाला है। यह अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है। इसलिए प्रदेश अध्यक्ष के निर्देश पर आपको तत्काल प्रभाव से पार्टी से निष्कासित किया जाता है।”
वीडियो में क्या है?
वायरल वीडियो में बब्बन सिंह एक कार्यक्रम के दौरान स्टेज पर डांसर के साथ अशोभनीय और आपत्तिजनक हरकतें करते दिखाई दे रहे हैं। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसके बाद पार्टी नेतृत्व तक मामला पहुंचा और कार्रवाई की गई।
बब्बन सिंह ने दी सफाई, बताया साजिश
बब्बन सिंह रघुवंशी ने इस वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए इसे अपने खिलाफ साजिश बताया है। उन्होंने सीधे तौर पर अपनी ही पार्टी की विधायक केतकी सिंह और उनके पति गुड्डू सिंह पर आरोप लगाते हुए कहा: “यह वीडियो करीब 20 दिन पुराना है, जब मैं एक शादी समारोह में गया था। वहां केतकी सिंह के पति भी मौजूद थे। उसी वक्त किसी ने जानबूझकर यह वीडियो बनाया। चूंकि मैं परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह का रिश्तेदार हूं और बांसडीह सीट से चुनाव लड़ चुका हूं, इसलिए यह राजनीतिक साजिश है।”
उन्होंने यह भी कहा कि केतकी सिंह को यह डर है कि उन्हें टिकट न मिलकर बब्बन सिंह को फिर से चुनाव लड़ाया जा सकता है, इसलिए उनकी छवि खराब करने की कोशिश की गई है। बब्बन सिंह ने वीडियो की जांच और पुलिस में शिकायत दर्ज कराने की बात कही है।
विधायक केतकी सिंह ने आरोपों से किया इनकार
दूसरी ओर, विधायक केतकी सिंह ने बब्बन सिंह द्वारा लगाए गए सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले से उनका कोई लेना-देना नहीं है।