UP NEWS: अब अन्नदाता के साथ ऊर्जादाता भी बनेगा प्रदेश का किसान

लखनऊ: कृषि में नवाचारों को अपनाने की मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की नीति के तहत उत्तर प्रदेश ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए एग्रीवोल्टिक्स परियोजना को अपनाया है। यह परियोजना उत्तर प्रदेश को भारत का पहला राज्य बनाती है, जिसने इस दिशा में कदम बढ़ाया है। वित्त मंत्रालय के आर्थिक मामलों के विभाग (DEA) ने “उत्तर प्रदेश में एग्रीवोल्टिक्स परियोजनाओं का प्रदर्शन” शीर्षक से राज्य सरकार के तकनीकी सहायता प्रस्ताव को मंजूरी दी है।
इस परियोजना के तहत एक ही भूमि पर कृषि और सौर ऊर्जा उत्पादन दोनों को साथ-साथ किया जा सकेगा। उत्तर प्रदेश में भूमि की उपलब्धता सीमित है, ऐसे में यह नवाचार किसानों के लिए अतिरिक्त आय के स्रोत के रूप में सामने आएगा। इससे ऊर्जा उत्पादन में वृद्धि होगी और प्रदेश में सतत विकास को भी बढ़ावा मिलेगा। अब उत्तर प्रदेश के किसान सिर्फ अन्नदाता नहीं, बल्कि ऊर्जादाता भी बनेंगे, जो राज्य की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
यूपीनेडा का ऐतिहासिक कदम और सतत विकास लक्ष्यों की दिशा में पहल
इस परियोजना के तहत उत्तर प्रदेश को एशियाई विकास बैंक (ADB) से ₹4.15 करोड़ (0.50 मिलियन अमेरिकी डॉलर) की तकनीकी सहायता मिली है। यह सहायता उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा प्रस्तावित एग्रीवोल्टिक्स परियोजना को लेकर की गई थी, जिसे 28 फरवरी 2025 को आर्थिक मामलों के विभाग की स्क्रीनिंग कमेटी की 153वीं बैठक में अनुमोदित किया गया। इस मंजूरी के साथ, DEA ने इस परियोजना को ADB के समक्ष अनुदान के रूप में प्रस्तुत किया है।
अगर यह पायलट परियोजना सफल रहती है, तो भविष्य में उत्तर प्रदेश सरकार और भारत सरकार मिलकर इस पर एक व्यापक नीति तैयार करेंगे। यह पहल न केवल नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा देने, बल्कि कृषि और ऊर्जा क्षेत्र में नवाचार लाने और सतत विकास लक्ष्यों को प्राप्त करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम साबित होगी।
किसानों का सशक्तिकरण और पर्यावरण संरक्षण
उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा उठाया गया यह कदम किसानों के लिए सशक्तिकरण और पर्यावरण संरक्षण दोनों की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा। एडीबी से मिली सहायता के माध्यम से यह परियोजना किसानों के जीवन में बदलाव ला सकती है। इससे उन्हें केवल कृषि क्षेत्र में ही नहीं, बल्कि ऊर्जा उत्पादन के क्षेत्र में भी नए अवसर मिलेंगे।
भारत की स्वच्छ ऊर्जा और सतत कृषि नीति का समर्थन
यह परियोजना भारत की स्वच्छ ऊर्जा और सतत कृषि नीति को समर्थन देने के साथ-साथ अन्य राज्यों के लिए एक प्रेरणादायक मॉडल साबित हो सकती है। उत्तर प्रदेश की यह पहल न केवल नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी, बल्कि किसानों को आर्थिक दृष्टिकोण से भी सशक्त बनाएगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की यह पहल न केवल राज्य की आर्थिक प्रगति को और मजबूत करेगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी महत्वपूर्ण योगदान देगी।