Waqf Board: वंदे मातरम बजने पर मुस्लिम धर्मगुरुओं ने जताया अफसोस, अल्लाह से की तौबा
Waqf Board: वक्फ बोर्ड के एक आधिकारिक कार्यक्रम में राष्ट्रगीत 'वंदे मातरम' के सभी छह छंद बजाए जाने को लेकर नया विवाद सामने आया है।
Waqf Board: वंदे मातरम के छह छंद क्या बजे, देश में सियासी और मजहबी बहस ने जोर पकड़ लिया। जम्मू-कश्मीर वक्फ बोर्ड के वक्फ दिवस कार्यक्रम में शामिल हुए कई मुस्लिम धर्मगुरु अब अपनी मौजूदगी को लेकर सफाई दे रहे हैं। उनका कहना है कि कार्यक्रम में शरीक होने का मतलब यह कतई नहीं है कि उन्होंने वंदे मातरम की हिमायत की थी। धर्मगुरुओं ने यहां तक कहा कि अगर उनकी शिरकत से किसी की मजहबी भावनाओं को ठेस पहुंची है तो उन्होंने अल्लाह के सामने तौबा की है और अपने गुनाह की माफी मांगी है।
बुधवार को जारी बयान में धर्मगुरुओं ने अपना रुख साफ करते हुए कहा कि उन्होंने न तो अपने दिल से और न ही अपनी जुबान से इस गीत का समर्थन किया। उनकी दलील है कि किसी कार्यक्रम में मौजूदगी को किसी विचारधारा या धार्मिक मान्यता की तस्दीक नहीं माना जाना चाहिए। लेकिन इस सफाई ने विवाद को ठंडा करने के बजाय एक नई बहस छेड़ दी है।
मीरवाइज उमर फारूक की अगुवाई वाली मुत्ताहिदा मजलिस-ए-उलेमा (एमएमयू) ने भी इस मामले में खुलकर मोर्चा खोल दिया है। संगठन ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर वक्फ बोर्ड के फैसले पर सवाल उठाए और कहा कि किसी सरकारी कार्यक्रम में वंदे मातरम बजाना कानूनी तौर पर अनिवार्य नहीं है। एमएमयू ने एतराज जताया कि मुस्लिम धार्मिक संपत्तियों की हिफाजत की जिम्मेदारी निभाने वाली संस्था के आयोजन में ऐसा गीत क्यों बजाया गया।
संगठन ने अपने बयान में इस्लाम के बुनियादी आस्था का हवाला दिया। उसका कहना है कि इस्लाम वतन से मोहब्बत करने की इजाजत देता है, लेकिन वतन की इबादत करने की नहीं। एमएमयू के मुताबिक मातृभूमि को ईश्वरीय दर्जा देना इस्लाम के एकेश्वरवाद के सिद्धांत के खिलाफ है। इसी बुनियाद पर संगठन ने गीत के धार्मिक पहलुओं पर अपना एतराज दर्ज कराया है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए एमएमयू ने कानूनी मशविरा लेने की बात कही है। संगठन ने धार्मिक जिम्मेदारियां निभाने वाले मुसलमानों से अपने मजहबी उसूलों पर कायम रहने की अपील भी की है।
दरअसल, श्रीनगर में आयोजित इस कार्यक्रम में केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू, वक्फ बोर्ड की चेयरपर्सन डॉ. दरख्शां अंद्राबी और सांसद मियां अल्ताफ अहमद समेत कई प्रमुख लोग मौजूद थे। कार्यक्रम में बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय की 1875 में रचित कविता वंदे मातरम के सभी छह छंद बजाए गए थे। यह केंद्रीय गृह मंत्रालय के प्रोटोकॉल के तहत हुआ था, जिसमें सरकारी आयोजनों और विधायी सत्रों में पूरा संस्करण बजाने का निर्देश दिया गया है।
अब सवाल सिर्फ गीत बजने का नहीं, बल्कि सरकारी प्रोटोकॉल, मजहबी मान्यताओं और सार्वजनिक आयोजनों में धार्मिक संवेदनशीलता के बीच संतुलन का भी है। कश्मीर में इस मुद्दे ने एक बार फिर सियासत और मजहब को आमने-सामने ला खड़ा किया है।