Patna News: PMCH में डॉक्टर से मारपीट, अस्पताल प्रशासन की FIR की मांग, सुरक्षा पर उठे सवाल
Patna News पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल में डॉक्टरों की सुरक्षा एक बार फिर सवालों के घेरे में है। ...
Patna News: पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल में डॉक्टरों की सुरक्षा एक बार फिर सवालों के घेरे में है। मरीज का हाल जानने पहुंचे परिजन पर अस्पताल में तैनात चिकित्सक के साथ गाली-गलौज और मारपीट करने का आरोप लगा है। घटना में चिकित्सक को चोट भी आई। मामले को गंभीरता से लेते हुए अस्पताल प्रशासन ने अब पुलिस से प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
मिली जानकारी के मुताबिक, घटना 11 नवंबर की है। अस्पताल में भर्ती एक मरीज को देखने पहुंचे उसके परिजन का किसी बात को लेकर ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक से विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी ने उग्र रूप ले लिया। आरोप है कि मरीज के परिजन ने चिकित्सक के साथ अभद्रता शुरू कर दी। इसके बाद गाली-गलौज और हाथापाई तक की नौबत आ गई। इस दौरान डॉक्टर को चोट भी पहुंची।
घटना के वक्त अस्पताल में मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने बीच-बचाव किया और किसी तरह स्थिति को संभाला। हालांकि, इस घटना के बाद अस्पताल में चिकित्सकों की सुरक्षा और ड्यूटी के दौरान उनके साथ होने वाले व्यवहार को लेकर चिंता बढ़ गई है।
अस्पताल प्रशासन की ओर से पुलिस को भेजे गए पत्र में पूरी घटना का जिक्र करते हुए बताया गया है कि मरीज के परिजन ने चिकित्सक के साथ अमर्यादित व्यवहार किया। प्रशासन का कहना है कि अस्पताल में डॉक्टरों के साथ इस तरह की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं। मरीजों के इलाज में जुटे चिकित्सकों के साथ दुर्व्यवहार और मारपीट की घटनाओं से उनका मनोबल प्रभावित होता है। साथ ही अस्पताल का कामकाजी माहौल भी बिगड़ता है।
इस मामले में PMCH प्रशासन ने बिहार मेडिकल सेवा संस्थान एवं व्यक्ति संरक्षण अधिनियम, 2011 के प्रावधानों के तहत प्राथमिकी दर्ज करने का अनुरोध किया है। प्रशासन चाहता है कि पुलिस मामले की जांच कर दोषी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करे।
अस्पताल में डॉक्टर और मरीज के परिजनों के बीच बेहतर तालमेल इलाज की प्रक्रिया का अहम हिस्सा है। लेकिन विवाद जब गाली-गलौज और हिंसा तक पहुंचता है तो इसका असर सिर्फ संबंधित चिकित्सक पर नहीं, बल्कि दूसरे मरीजों और अस्पताल की व्यवस्था पर भी पड़ता है।
अब देखना होगा कि पुलिस इस शिकायत पर क्या कार्रवाई करती है। फिलहाल इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि जब अस्पताल के भीतर ही चिकित्सक सुरक्षित नहीं होंगे, तो निर्बाध इलाज और बेहतर चिकित्सा व्यवस्था कैसे सुनिश्चित होगी?
रिपोर्ट- अनिल कुमार