Bihar Crime: किसानों की मेहनत पर पानी फेरने वालों पर बड़ी कार्रवाई, नकली कीटनाशक का खेल बेनकाब, लाखों का माल जब्त

Bihar Crime: किसानों की मेहनत पर नकली कीटनाशक का जहर बेचकर मुनाफा कमाने के खेल का कटिहार में पर्दाफाश हुआ है। ...

Katihar Fake Pesticide Racket Busted 2600 Packs Seized
नकली कीटनाशक का खेल बेनकाब- फोटो : reporter

Bihar Crime: किसानों की मेहनत पर नकली कीटनाशक का जहर बेचकर मुनाफा कमाने के खेल का कटिहार में पर्दाफाश हुआ है। कोढ़ा प्रखंड में नामी कंपनी यूपीएल के फफूंदनाशक उत्पाद के नाम पर नकली कीटनाशक तैयार करने और बाजार में उतारने की तैयारी चल रही थी। लेकिन इससे पहले ही कृषि विभाग की टीम ने छापेमारी कर पूरे खेल का भंडाफोड़ कर दिया। मौके से करीब 2600 खाली पैकेट, कच्चा माल और पैकिंग-सीलिंग मशीन बरामद की गई है। जब्त सामान की अनुमानित कीमत 3.07 लाख रुपये बताई गई है।

कार्रवाई जिला कृषि पदाधिकारी के निर्देश पर की गई। गुप्त सूचना मिली थी कि कोढ़ा थाना क्षेत्र के जगदीप सिंह मार्केट स्थित एक मकान में नामी कंपनी के उत्पाद के नाम पर नकली कीटनाशक बनाने का धंधा चल रहा है। सूचना मिलते ही कृषि विभाग, कोढ़ा पुलिस और यूपीएल कंपनी के प्रतिनिधियों की संयुक्त टीम ने मकान पर धावा बोला। तलाशी के दौरान वहां का नजारा देखकर अधिकारी भी चौंक गए। नकली उत्पाद तैयार करने के लिए पैकेट, कच्चा माल और उनकी पैकिंग व सीलिंग करने वाली मशीनें रखी हुई थीं।

जांच में सामने आया कि मकान मालिक ने यह परिसर मुंगेर निवासी मुकेश कुमार को किराये पर दे रखा था। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, इसी किरायेदार के जरिए कथित तौर पर नकली कीटनाशक बनाने और पैकिंग का कारोबार संचालित किया जा रहा था। हालांकि, इस पूरे मामले में मकान मालिक और अन्य संबंधित लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

छापेमारी अभियान में सहायक निदेशक पौधा संरक्षण जय किशन कुमार, सहायक निदेशक बीज विश्लेषण शालिनी कुमारी, प्रखंड कृषि पदाधिकारी, यूपीएल कंपनी के प्रतिनिधि रंजीत कुमार सिंह और कोढ़ा पुलिस के अधिकारी शामिल रहे।

इस कार्रवाई के बाद कृषि विभाग ने किसानों को भी सतर्क रहने की हिदायत दी है। सहायक निदेशक पौधा संरक्षण जय किशन कुमार ने कहा कि किसान कीटनाशक और फफूंदनाशक केवल अधिकृत दुकानदारों से ही खरीदें। खरीदारी के समय पक्का बिल लेना बिल्कुल न भूलें। उन्होंने आगाह किया कि नकली कीटनाशक न केवल फसलों को बर्बाद कर सकता है, बल्कि किसानों की महीनों की मेहनत और पूंजी पर भी पानी फेर सकता है।विभाग ने साफ किया है कि किसानों के साथ धोखाधड़ी करने और नकली कृषि उत्पादों का कारोबार चलाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

रिपोर्ट- श्याम कुमार सिंह