Nitish Setu: नीतीश सेतु पर रांग साइड चलना पड़ा महंगा, 11 लाख का वसूला गया जुर्माना

Nitish Setu: पटना कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन नीतीश सेतु पर यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ पुलिस ने शिकंजा कस दिया है।...

Nitish Setu
रांग साइड चलना पड़ा महंगा- फोटो : reporter

Nitish Setu:  पटना कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन नीतीश सेतु पर यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। पुल पर गलत दिशा में गाड़ी चलाने वालों के विरुद्ध दो दिनों तक चले विशेष अभियान में 375 चालकों का चालान काटा गया। इनसे कुल 11 लाख 25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। प्रत्येक चालक पर तीन हजार रुपये की दर से कार्रवाई की गई।

यातायात पुलिस ने सोमवार और बुधवार को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक जांच अभियान चलाया। पहले दिन गलत दिशा में वाहन चलाते हुए 175 चालक पकड़े गए। इन पर कुल 5 लाख 25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। वहीं, बुधवार को अभियान के दौरान 200 वाहन चालक नियमों का उल्लंघन करते मिले। इनसे छह लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया। इस तरह दूसरे दिन पहले दिन के मुकाबले 25 अधिक चालक पुलिस की पकड़ में आए।

पुलिस ने सभी के खिलाफ निर्धारित जुर्माने के तहत कार्रवाई की। दो दिनों में पकड़े गए 375 वाहन चालकों पर तीन-तीन हजार रुपये का दंड लगाया गया। अभियान का मकसद पुल पर यातायात व्यवस्था को सुरक्षित और सुचारु बनाए रखना है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद नियमों की अनदेखी करने वाले चालकों में हड़कंप मचा है।

दरअसल, पुल पर गलत दिशा में वाहन चलाने से आमने-सामने की टक्कर और जाम का खतरा बना रहता है। दीदारगंज से राघोपुर जाने वाले वाहनों के लिए पुल के नीचे संपर्क पथ से बाएं फ्लैंक पर चढ़ने की व्यवस्था की गई है। इसके बावजूद कई चालक निर्धारित रास्ते का इस्तेमाल करने के बजाय सीधे दाएं फ्लैंक पर पहुंच जाते हैं।

दाएं फ्लैंक का इस्तेमाल विपरीत दिशा से आने वाले वाहनों के लिए तय है। ऐसे में गलत दिशा से आने वाले वाहन दूसरे चालकों के लिए गंभीर खतरा पैदा करते हैं। यातायात पुलिस ने विशेष अभियान के जरिए साफ संकेत दिया है कि पुल पर नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।