झारखंड परीक्षा आंदोलन के समर्थन में उतरे CJP प्रमुख अभिजीत दीपके, अनशन कर रहे प्रदर्शनकारियों के साथ बैठेंगे

CJP प्रमुख अभिजीत दीपके ने कहा है कि वह जल्द ही झारखंड पहुंचेंगे और आंदोलनरत छात्रों से मुलाकात करेंगे। इस दौरान वे छात्रों की समस्याओं को सुनेंगे और उनके समर्थन में अपनी बात भी रखेंगे।

CJP Founder Abhijeet Deepke- फोटो : news4nation

 Abhijeet Deepke :  झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर जारी छात्र आंदोलन को अब विभिन्न संगठनों का समर्थन मिलने लगा है। इसी क्रम में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने झारखंड दौरे का ऐलान किया है। अभिजीत दीपके ने कहा कि उनकी पार्टी भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता और छात्रों को न्याय दिलाने की मांग के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने कहा कि झारखंड में आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों की आवाज़ को दबाया नहीं जाना चाहिए और उनकी जायज मांगों पर सरकार को गंभीरता से विचार करना चाहिए।


उन्होंने बताया कि वह जल्द ही झारखंड पहुंचेंगे और आंदोलनरत छात्रों से मुलाकात करेंगे। इस दौरान वे छात्रों की समस्याओं को सुनेंगे और उनके समर्थन में अपनी बात भी रखेंगे। दीपके ने कहा कि युवाओं के भविष्य से जुड़े मामलों में राजनीति से ऊपर उठकर निष्पक्ष और पारदर्शी व्यवस्था सुनिश्चित करना जरूरी है।


गौरतलब है कि झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों को लेकर छात्र लगातार आंदोलन कर रहे हैं। प्रदर्शनकारी 14वीं जेपीएससी परीक्षा रद्द करने, जेपीएससी और जेएसएससी में सुधार तथा पूरे मामले की सीबीआई या स्वतंत्र एजेंसी से जांच कराने की मांग कर रहे हैं। ऐसे में अभिजीत दीपके के दौरे के ऐलान को छात्र आंदोलन के लिए एक और समर्थन के रूप में देखा जा रहा है।


इस बीच, सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के सदस्य देवेंद्र नाथ महतो से बातचीत की और उनसे कम से कम पानी पीने की अपील की।