रांची जा रही इंडिगो की फ्लाइट में आई तकनीकी खराबी, यात्रियों को तीन घंटे विमान में झेलने पड़ी मुसीबत, भारी विरोध के बीच अफरातफरी

इंडिगो की फ्लाइट 6E-2614 दिल्ली से रांची के लिए निर्धारित समय पर उड़ान भरने वाली थी। टेकऑफ से पहले विमान में तकनीकी खराबी का पता चला, जिसके बाद उसे रनवे की ओर जाने से रोक दिया गया।

indiGo Delhi to Ranchi Flight- फोटो : news4nation

Bihar News : इंडिगो की एक फ्लाइट में आई तकनीकी खराबी के कारण यात्रियों को घंटों घुटन झेलने के लिए मजबूर होना पड़ा। दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर रांची जाने वाली इंडिगो की एक फ्लाइट तकनीकी खराबी का शिकार हो गई। खराबी के कारण विमान की उड़ान में देरी हुई और यात्रियों को करीब तीन घंटे तक विमान के अंदर ही बैठाए रखा गया।


जानकारी के अनुसार, इंडिगो की फ्लाइट 6E-2614 दिल्ली से रांची के लिए निर्धारित समय पर उड़ान भरने वाली थी। टेकऑफ से पहले विमान में तकनीकी खराबी का पता चला, जिसके बाद उसे रनवे की ओर जाने से रोक दिया गया। यात्रियों का आरोप है कि तकनीकी खराबी सामने आने के बावजूद उन्हें तुरंत विमान से बाहर नहीं निकाला गया। वे लगभग दो से तीन घंटे तक बंद केबिन में बैठे रहे। इस दौरान विमान का एयर कंडीशनिंग सिस्टम (AC) भी काम नहीं कर रहा था, जिससे केबिन के अंदर उमस और गर्मी काफी बढ़ गई।


मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, गर्मी से परेशान कुछ यात्री खुद को राहत देने के लिए मैगजीन से हवा करते नजर आए। हालात बिगड़ने पर यात्रियों ने विमान के अंदर ही विरोध जताना शुरू कर दिया। यात्रियों के विरोध के बाद इंडिगो प्रबंधन ने विमान के दरवाजे खोले और सभी यात्रियों को शटल बसों के जरिए वापस एयरपोर्ट टर्मिनल पहुंचाया गया।


इसके बाद विमान की दोबारा विस्तृत तकनीकी जांच की गई और सभी आवश्यक सुरक्षा प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद फ्लाइट को रांची के लिए रवाना किया गया। फिलहाल तकनीकी खराबी के कारणों को लेकर एयरलाइन की ओर से विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई है।