दर्दनाक सड़क हादसा ! ग्रामीण विकास मंत्री की बेटी सहित चार युवाओं की मौत, सड़क पर बिछी लाश
मरीन ड्राइव सड़क पर एक ट्रक खराब होने के कारण पहले से खड़ा था। इसी दौरान तेज रफ्तार सफेद रंग की स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर ट्रक के पिछले हिस्से से जा भिड़ी। कांग्रेस विधायक दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह सहित चार की हादसे में मौत हो गई
Jamshedpur Marine Drive Accident: तेज रफ्तार के कहर में गुरुवार तड़के एक मंत्री की बेटी सहित चार लोगों की मौत हो गई। घटना जमशेदपुर में हुई। मृतकों में झारखंड सरकार की ग्रामीण विकास मंत्री और कांग्रेस विधायक दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह भी शामिल हैं। हादसा मरीन ड्राइव पर उस समय हुआ, जब तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोगों को बाहर निकालने के लिए गैस कटर का इस्तेमाल करना पड़ा।
पुलिस के मुताबिक, हादसा रात करीब 2 से 3 बजे के बीच हुआ। मरीन ड्राइव सड़क पर एक ट्रक खराब होने के कारण पहले से खड़ा था। इसी दौरान तेज रफ्तार सफेद रंग की स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर ट्रक के पिछले हिस्से से जा भिड़ी। टक्कर के बाद कार ट्रक में बुरी तरह फंस गई और उसके परखच्चे उड़ गए।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। राहत एवं बचाव अभियान चलाकर कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। सभी को तत्काल एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने चारों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान सार्थक अग्रवाल, नमन गुप्ता, वंशिका खंडेलवाल और तृषा सिंह के रूप में हुई है। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया है।
मंत्री की बेटी की मौत की खबर से परिवार में मातम
तृषा सिंह की मौत की खबर मिलते ही गोड्डा जिले के महागामा स्थित मंत्री दीपिका पांडेय सिंह के आवास पर लोगों की भीड़ जुटने लगी। मंत्री उस समय अपने पैतृक गांव खिरोधी में मौजूद थीं। बताया गया है कि वह पिछले कुछ दिनों से क्षेत्र के दौरे पर थीं और विकास कार्यों का जायजा ले रही थीं। बेटी के निधन की सूचना मिलते ही वह परिजनों के साथ जमशेदपुर के लिए रवाना हो गईं। दीपिका पांडेय सिंह गोड्डा जिले की महागामा विधानसभा सीट से कांग्रेस की विधायक हैं और झारखंड सरकार में ग्रामीण विकास मंत्री हैं। हादसे की खबर से उनके पैतृक गांव में शोक का माहौल है।
पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच
जमशेदपुर के डीएसपी मनोज ठाकुर ने बताया कि देर रात करीब ढाई बजे के आसपास कार के सड़क पर खड़े ट्रक से टकराने की सूचना मिली थी। दुर्घटना में कार सवार चार लोगों की मौत हुई है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई।
सीएम हेमंत सोरेन ने जताया दुख
हादसे पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी और अन्य मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने कहा कि संतान को खोने का दर्द किसी भी माता-पिता और परिवार के लिए असहनीय होता है। उन्होंने शोकाकुल परिवारों को इस कठिन समय में धैर्य और शक्ति मिलने की कामना की।