अररिया में जाली नोटों के काले कारोबार का खुलासा! पंचायत का वार्ड सदस्य ही निकला सरगना
अररिया के महलगांव पुलिस ने चौकता पंचायत के वार्ड सदस्य मो. पनाउल्लाह को 2.17 लाख रुपये मूल्य के 500 के जाली नोटों (434 नोट) के साथ गिरफ्तार किया। सिलीगुड़ी से जुड़े हैं तार। एसपी जितेंद्र कुमार ने बीएनएस धाराओं में केस दर्ज कर जांच के दिए आदेश।
अररिया जिले की महलगांव थाना पुलिस ने नकली नोटों के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। जोकीहाट प्रखंड के चौकता पंचायत का 36 वर्षीय वार्ड सदस्य मो. पनाउल्लाह उर्फ पनबुल ही इस जाली नोट गिरोह का सरगना निकला। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी के पास से 500 रुपये मूल्य के कुल 434 जाली नोट बरामद किए हैं, जिनकी कुल कीमत 2.17 लाख रुपये है। इस कार्रवाई की विस्तृत जानकारी एसपी जितेंद्र कुमार ने अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान दी।
कातिल इनपुट पर बरढेंगा स्थित कामत पर पुलिस की छापेमारी
एसपी जितेंद्र कुमार ने बताया कि महलगांव थाना क्षेत्र के इसरवा गांव में जाली नोटों के काले कारोबार की गुप्त सूचना मिली थी। इनपुट मिला था कि चौकता पंचायत का वार्ड सदस्य मो. पनाउल्लाह ही स्थानीय स्तर पर इस रैकेट को संचालित कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बरढेंगा गांव स्थित उसके कामत पर अचानक छापेमारी की। पुलिस को देखते ही आरोपी भागने लगा, लेकिन मुस्तैद जवानों ने खदेड़कर उसे धर दबोचा और तलाशी में जाली नोटों का बड़ा जखीरा जब्त कर लिया।
सिलीगुड़ी से जुड़े हैं तार, आरोपी का रहा है आपराधिक इतिहास
पूछताछ के दौरान गिरफ्तार वार्ड सदस्य ने खुलासा किया कि नकली नोटों की यह खेप पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी से मंगवाई गई थी और वह एक बड़े नेटवर्क के हिस्से के रूप में काम कर रहा था। एसपी ने बताया कि पनाउल्लाह का पुराना आपराधिक इतिहास भी रहा है; वह इससे पहले भी चोरी के सामान की बरामदगी के मामले में जेल जा चुका है। इस मामले में महलगांव थाने में बीएनएस (BNS) की धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर पुलिस बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगाल रही है।
छापेमारी टीम होगी सम्मानित, पुलिस खंगाल रही पूरा नेटवर्क
इस सफल अभियान को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में महलगांव थानाध्यक्ष ब्रजेश कुमार, अपर थानाध्यक्ष राजू कुमार, एसआई रोमा कुमारी, एएसआई प्रेम कुमार, सिपाही रंजीत कुमार और होमगार्ड जवान सदानंद यादव शामिल थे। एसपी जितेंद्र कुमार ने इस बेहतरीन कार्रवाई के लिए छापेमारी दल में शामिल सभी अधिकारियों व जवानों को प्रशस्ति पत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित करने की घोषणा की है।
अररिया से मंटू भगत की रिपोर्ट