अररिया के फुलकाहा में निकली भव्य तिरंगा यात्रा: स्कूली बच्चों की झांकी और देशभक्ति गीतों पर नृत्य ने किया मंत्रमुग्ध

फुलकाहा में निकली भव्य तिरंगा यात्रा- फोटो : राजेश कुमार

Araria : स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 'हर घर तिरंगा' अभियान के तहत गुरुवार को अररिया जिले के फुलकाहा में एक विशाल तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। नरपतगंज विधायिका देवन्ती यादव के नेतृत्व में निकाली गई इस ऐतिहासिक यात्रा में हजारों की संख्या में स्थानीय लोगों, जनप्रतिनिधियों और युवाओं ने हिस्सा लिया। यात्रा के दौरान पूरा इलाका ‘‘भारत माता की जय’’ और ‘‘वंदे मातरम्’’ के गगनभेदी नारों से गुंजायमान हो उठा।


अटल चौक से गांधी चौक तक 2 किमी लंबा काफिला

यह भव्य तिरंगा यात्रा अटल चौक से शुरू होकर फुलकाहा गांधी चौक, नवाबगंज चैती दुर्गा मंदिर और बॉर्डर रोड होते हुए पुनः गांधी चौक पहुँचकर संपन्न हुई। लगभग दो किलोमीटर लंबे इस काफिले में सैकड़ों दोपहिया और चार पहिया वाहन शामिल रहे। यात्रा मार्ग में जगह-जगह स्थानीय ग्रामीणों ने अपने घरों की छतों से पुष्पवर्षा कर यात्रियों का स्वागत किया, वहीं कई स्थानों पर लोगों के लिए पेयजल और शीतल शरबत की व्यवस्था की गई थी।


स्कूली बच्चों की झांकी और सांस्कृतिक प्रस्तुति ने जीता दिल

यात्रा का मुख्य आकर्षण स्कूली बच्चों द्वारा प्रस्तुत की गई देशभक्ति झांकी और सांस्कृतिक कार्यक्रम रहे। बच्चों ने देशभक्ति गीतों पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम को सफल बनाने में 'फुलकाहा उत्थान संघर्ष समिति' के अध्यक्ष राजू गुप्ता, उपाध्यक्ष राजेश कुमार रजक, संतोष कुमार साह सहित पूरी युवा टीम ने सक्रिय भूमिका निभाई।


शहीदों के सम्मान का प्रतीक है तिरंगा यात्रा: विधायिका

समारोह को संबोधित करते हुए विधायक देवन्ती यादव ने कहा कि तिरंगा यात्रा देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले अमर शहीदों के प्रति सम्मान और श्रद्धांजलि अर्पित करने का प्रतीक है। उन्होंने देश के युवाओं से बुजुर्गों के मार्गदर्शन में एक सशक्त, समृद्ध और एकजुट भारत के निर्माण में अपना बहुमूल्य योगदान देने की अपील की।


विभिन्न राजनीतिक व सामाजिक हस्तियां रहीं मौजूद

इस अवसर पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रताप नारायण मंडल, मंडल अध्यक्ष घनश्याम यादव, आलोक साहा, लोजपा (रामविलास) जिलाध्यक्ष अरुण सिंह, पूर्व मंडल अध्यक्ष कमलेश साह, गौरी यादव, जिला परिषद उपाध्यक्ष चांदनी देवी, श्रवण दास, पूर्व मुखिया संजय सिंह सहित हजारों की संख्या में गणमान्य लोग एवं ग्रामीण मौजूद रहे।

राजेश की रिपोर्ट