अररिया में भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था सख्त : एसपी जितेंद्र कुमार ने सिकटी और सीमाई इलाकों का लिया जायजा, दिए कई कड़े निर्देश

अररिया जिले में भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी और अवैध गतिविधि पर लगाम लगाने को लेकर सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई है। एसपी जितेन्द्र कुमार सीमाई इलाकों का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और कई कड़े निर्देश दिए.....

अररिया में भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था सख्त- फोटो : राकेश भगत

Araria : भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था को अधिक पुख्ता करने के उद्देश्य से अररिया के पुलिस अधीक्षक (SP) जितेंद्र कुमार ने सिकटी प्रखंड से सटे सीमाई इलाकों का व्यापक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सशस्त्र सीमा बल (SSB) की बॉर्डर आउट पोस्ट (BOP) और विभिन्न चेकिंग पोस्टों की ज़मीनी स्थिति को परखा और सुरक्षा अधिकारियों से सीमा प्रबंधन की विस्तृत जानकारी ली।


संयुक्त गश्ती और सघन वाहन-व्यक्ति जांच के निर्देश 

एसपी ने सीमा पार से आवाजाही करने वाले लोगों की गहन चेकिंग करने के कड़े निर्देश जारी किए। उन्होंने बिहार पुलिस और एसएसबी जवानों के बीच बेहतर तालमेल बनाकर सीमावर्ती क्षेत्रों में संयुक्त पेट्रोलिंग (Joint Patrol) को और बढ़ाने पर विशेष बल दिया।


तस्करी पर लगाम और 'नो मेन्स लैंड' पर सख्त निगरानी 

एसपी जितेंद्र कुमार ने बताया कि पिछले आठ महीनों के दौरान सीमा पर सुरक्षा एजेंसियों की चौकसी को काफी बढ़ाया गया है। इसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं और मादक पदार्थों (Narcotics), अवैध शराब व अन्य तस्करी के सामानों की लगातार बड़ी बरामदगी हो रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नो मेन्स लैंड क्षेत्र से अवैध अतिक्रमण को हटाने के साथ-साथ किसी भी नए अतिक्रमण पर 24 घंटे नज़र रखी जा रही है। निरीक्षण का मुख्य मकसद सुरक्षा बलों को सतर्क रखना, अंतर-एजेंसी समन्वय को मजबूती देना और अवैध सीमा पार गतिविधियों पर पूरी तरह विराम लगाना है।


घूरना और बसमतिया बॉर्डर का भी किया था दौरा 

उल्लेखनीय है कि इस निरीक्षण से ठीक एक दिन पहले मंगलवार को भी एसपी ने घूरना और बसमतिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा का दौरा कर सुरक्षा तैयारियों की गहन समीक्षा की थी।


राकेश की रिपोर्ट