गृह जिला भोजपुर पहुंचे पश्चिम बंगाल के मंत्री अर्जुन सिंह, कहा-टीएमसी के राज में बंगाल पाकिस्तान बनने की राह पर था

पश्चिम बंगाल सरकार के परिवहन मंत्री भाजपा के कद्दावर नेता अर्जुन सिंह के गृह जिला भोजपुर पहुंचने पर कार्यकर्ताओं द्वारा उनका अभूतपूर्व और जोरदार स्वागत किया गया। इस दौरान मीडिया से बातचीत में मंत्री बंगाल की पूर्ववर्ती टीएमसी सरकार पर तीखा हमला बोला

गृह जिला भोजपुर पहुंचे पश्चिम बंगाल के मंत्री अर्जुन सिंह का हुआ भव्य स्वागत- फोटो : आशीष श्रीवास्तव

Arrah : पश्चिम बंगाल में भाजपा की बड़ी जीत के बाद वहां कैबिनेट मंत्री (परिवहन विभाग) बनाए गए कद्दावर नेता अर्जुन सिंह अपने गृह जिला भोजपुर पहुंचे। उनके आगमन को लेकर भोजपुर के स्थानीय कार्यकर्ताओं और आम जनता में भारी उत्साह देखा गया। जैसे ही उनका काफिला पटना के रास्ते आरा की सीमा में दाखिल हुआ, कुल्हाड़िया टोल प्लाजा के पास पहले से ही हजारों की संख्या में मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उन्हें घेर लिया। कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी के साथ ढोल-नगाड़ों और गगनभेदी नारों के बीच उनका जोरदार स्वागत किया और उन्हें फूलों की मालाओं से लाद दिया।


गाड़ियों के लंबे काफिले के साथ आरा में प्रवेश

टोल प्लाजा पर मिले ऐतिहासिक स्वागत के बाद परिवहन मंत्री अर्जुन सिंह का काफिला आरा शहर की ओर बढ़ा। इस दौरान सैकड़ों की संख्या में चार पहिया और दो पहिया वाहनों का एक लंबा काफिला उनके साथ चल रहा था, जो उनकी कद्दावर राजनीतिक पकड़ को साफ दर्शा रहा था। पूरा शहर उनके स्वागत वाले पोस्टरों और बैनरों से पटा हुआ था। काफिला सीधे शहर के प्रतिष्ठित 'होटल आरा ग्रैंड' पहुंचा, जहां के मुख्य सभागार में स्थानीय प्रबुद्ध नागरिकों और भाजपा जिला इकाई द्वारा उनके सम्मान में एक विशेष 'अभिनंदन समारोह' का आयोजन किया गया था।


गृह जिला के स्वागत से अभिभूत हुए मंत्री अर्जुन सिंह

अभिनंदन समारोह के मंच से कार्यक्रम को संबोधित करते हुए परिवहन मंत्री अर्जुन सिंह बेहद भावुक और खुश नजर आए। उन्होंने हाथ जोड़कर समस्त भोजपुर वासियों का आभार प्रकट करते हुए कहा, "आज मुझे अपने गृह जिला में आकर जो असीम आनंद और खुशी मिल रही है, उसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। यहां की माटी और यहां के लोगों द्वारा दिए गए इस अपार प्रेम और ऐतिहासिक स्वागत से मैं पूरी तरह अभिभूत हूं।" उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे बंगाल सरकार में रहकर भी अपनी इस मातृभूमि के मान-सम्मान को हमेशा ऊंचा रखेंगे।


'टीएमसी के राज में बंगाल पाकिस्तान बनने की राह पर था'

समारोह के दौरान पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत करते हुए भाजपा नेता अर्जुन सिंह ने पश्चिम बंगाल की राजनीति और पूर्ववर्ती तृणमूल कांग्रेस (TMC) सरकार पर जमकर भड़ास निकाली। उन्होंने कड़े शब्दों में आरोप लगाते हुए कहा, "पश्चिम बंगाल में पिछले वर्षों के दौरान टीएमसी के प्रायोजित आतंक और तानाशाही के कारण आम लोगों का जीना पूरी तरह मुहाल हो गया था। कानून-व्यवस्था बदहाल थी और डर के मारे लोग बंगाल से भारी संख्या में पलायन करने को मजबूर थे।" उन्होंने आगे कहा कि अगर इस बार वहां की जनता समझदारी दिखाकर सरकार नहीं बदलती, तो पश्चिम बंगाल को पाकिस्तान बनने से कोई ताकत नहीं रोक सकती थी।


पूर्ण बहुमत के लिए जनता का आभार, विकास का वादा

अपने संबोधन के आखिरी हिस्से में अर्जुन सिंह ने पश्चिम बंगाल की जनता का आभार जताते हुए कहा कि वहां की राष्ट्रवादी जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों और भाजपा पर भरोसा जताया है। उन्होंने कहा, "बंगाल की जनता ने इस बार भाजपा को पूर्ण बहुमत देकर सेवा का मौका दिया है। अब वहां डबल इंजन की सरकार पूरी ताकत से काम करेगी।" उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी सरकार का मुख्य लक्ष्य बंगाल को आतंक मुक्त बनाकर विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है, और वे मुख्यमंत्री व अन्य मंत्रियों के साथ मिलकर इसके लिए दिन-रात काम करेंगे।


आशीष श्रीवास्तव की रिपोर्ट