Arwal road accident: अरवल में बालू लदे ट्रैक्टर ने मचाया तांडव, बाइक सवार युवक को मारी टक्कर, एक की मौत दूसरा घायल

Arwal road accident: अरवल के कलेर थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार बालू लदे ट्रैक्टर ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौके पर मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।

Arwal road accident: अरवल के कलेर थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पटना-औरंगाबाद एनएच-139 पर बुलाकी बिगहा मोड़ के पास तेज रफ्तार बालू लदे ट्रैक्टर ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।

मृतक की पहचान औरंगाबाद जिले के दाउदनगर थाना क्षेत्र के अरई गांव निवासी मुन्नी साव के 26 वर्षीय पुत्र छोटू कुमार के रूप में हुई है। वहीं घायल युवक की पहचान अरई गांव निवासी मदन साव के पुत्र सुधीर कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों युवक कलेर बाजार में कपड़े की दुकान चलाते थे। वे हर दिन की तरह मंगलवार सुबह भी अपनी दुकान खोलने के लिए बाइक से कलेर जा रहे थे। इसी दौरान बुलाकी बिगहा मोड़ के पास बालू लदे ट्रैक्टर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।

बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर

टक्कर इतनी तेज थी कि छोटू कुमार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं सुधीर कुमार गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। लोगों ने तुरंत इसकी सूचना कलेर थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना अध्यक्ष अमित कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तुरंत दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कलेर पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद छोटू कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल सुधीर कुमार का प्राथमिक इलाज करने के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।

हादसे के बाद घटनास्थल पर भीड़

हादसे के बाद घटनास्थल पर काफी भीड़ जमा हो गई। कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया और लोग आक्रोशित दिखे। पुलिस ने लोगों को समझाकर स्थिति को शांत कराया और सड़क पर यातायात फिर से सामान्य कराया। थाना अध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि हादसे के बाद फरार ट्रैक्टर और उसके चालक की पहचान की जा रही है। पुलिस चालक की गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है।