कुर्था के बेलखरा में प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज का नाम पंडित यदुनंदन शर्मा के नाम पर रखने की मांग तेज

अरवल जिले के कुर्था विधानसभा क्षेत्र के बेलखरा इलाके में बिहार सरकार द्वारा प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज के नामकरण को लेकर मांग तेज हो गई है। पंडित यदुनंदन शर्मा सेवा आश्रम ट्रस्ट ने स्थानीय विधायक पप्पू वर्मा से इस दिशा में पहल करने की अपील की है।

Arwal: जिले के कुर्था विधानसभा क्षेत्र के बेलखरा इलाके में बिहार सरकार द्वारा प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज के नामकरण को लेकर मांग तेज हो गई है। पंडित यदुनंदन शर्मा सेवा आश्रम ट्रस्ट ने स्थानीय विधायक पप्पू वर्मा से इस दिशा में पहल करने की अपील की है।

ट्रस्ट का कहना है कि मंझियावा गांव निवासी पंडित यदुनंदन शर्मा देश के प्रख्यात स्वतंत्रता सेनानी और किसान नेता रहे हैं, जिन्होंने भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन के साथ-साथ किसानों को जमींदारों से मुक्ति दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। ऐसे में प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज का नाम उनके सम्मान में रखा जाना चाहिए।

ट्रस्ट के संरक्षक रविशंकर कुमार ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि पंडित यदुनंदन शर्मा एक मध्यम किसान परिवार से आते थे और उन्होंने अपने जीवन में सादगी और संघर्ष का उदाहरण पेश किया। वे देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद और प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के समकक्ष नेताओं में गिने जाते थे।

उन्होंने कहा कि आजादी के बाद उन्हें राज्यपाल समेत कई बड़े पदों पर मनोनयन का प्रस्ताव मिला, लेकिन उन्होंने सभी प्रस्ताव ठुकरा दिए और बिना स्वतंत्रता सेनानी पेंशन के साधारण जीवन जीते रहे। ऐसे त्यागी महापुरुष का सम्मान करना जनप्रतिनिधियों का कर्तव्य है।

ट्रस्ट का मानना है कि यदि मेडिकल कॉलेज का नाम पंडित यदुनंदन शर्मा के नाम पर रखा जाता है, तो इससे न केवल इलाके का गौरव बढ़ेगा, बल्कि पूरे देश में क्षेत्र की पहचान भी मजबूत होगी।

इधर, जानकारों के अनुसार बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आगामी 23 मार्च को अरवल जिले के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज की आधारशिला भी रख सकते हैं, जिससे नामकरण की मांग को और बल मिलने की संभावना है।