औरंगाबाद में राजधानी एक्सप्रेस दुर्घटना की 24वीं बरसी: धावा नदी के पास अधिकारियों और समाजसेवियों ने दी श्रद्धांजलि

औरंगाबाद जिले के धावा नदी के पास बहुचर्चित राजधानी एक्सप्रेस दुर्घटना की 24वीं बरसी पर एक विशेष श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान घटनास्थल पर हादसे में जान गंवाने वाले यात्रियों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई....

औरंगाबाद में राजधानी एक्सप्रेस दुर्घटना की 24वीं बरसी- फोटो : दीनानाथ मौआर

Aurangabad : जिले के रफीगंज स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय-गया रेलखंड पर रफीगंज रेलवे स्टेशन से करीब चार किलोमीटर पश्चिम धावा नदी के पास बहुचर्चित राजधानी एक्सप्रेस दुर्घटना की 24वीं बरसी पर एक विशेष श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान रेलवे कर्मचारियों, समाजसेवियों और स्थानीय लोगों ने घटनास्थल पर पहुंचकर पूजा-अर्चना की और भीषण रेल हादसे में जान गंवाने वाले यात्रियों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।


सितंबर 2002 के उस भयानक हादसे की दर्दनाक यादों को किया गया ताजा 

पीडब्ल्यूआई इंचार्ज गौरव कुमार, कांग्रेस नेता डॉ. तुलसी यादव एवं जदयू नेता विनोद कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि 9 सितंबर 2002 को हावड़ा से नई दिल्ली जा रही राजधानी एक्सप्रेस इसी स्थान पर दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी, जिसमें 150 से अधिक यात्रियों की मौत हो गई थी। धावा नदी पुल के समीप आयोजित इस श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर मृतकों की आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की और कैंडल जलाकर उन्हें याद किया।


प्रत्येक वर्ष बरसी पर घटनास्थल पर जुटते हैं रेलवे कर्मी और स्थानीय लोग 

शुभम सिंह ने बताया कि इस भीषण दुर्घटना के बाद से प्रत्येक वर्ष आज के दिन रेलवे कर्मी, आरपीएफ के जवान और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंचते हैं और मृत यात्रियों को श्रद्धांजलि देते हैं, ताकि उस दर्दनाक हादसे की यादें और सबक हमेशा सुरक्षित रहें।


श्रद्धांजलि सभा में कई प्रमुख लोग रहे मौजूद 

इस श्रद्धांजलि कार्यक्रम में डॉ. तुलसी यादव, जदयू के वरिष्ठ नेता विनोद कुमार, शुभम सिंह, पप्पू यादव बाबा, अजय कुमार, संदीप कुमार, मनोज कुमार मधुकर, आजाद कुमार मधुकर, गौरव कुमार, रात्रि प्रहरी महीप कुमार, रविशंकर, खेमचंद लखड़ा, रामदास मांझी और कृष्ण मुरारी कुमार सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।


दीनानाथ की रिपोर्ट