Bihar News : औरंगाबाद में आरा मशीन में लगी भीषण आग, लाखों की संपत्ति जलकर खाक, एक बछड़े की जलने से हुई मौत
Bihar News : औरंगाबाद में आरा मशीन में भीषण आग लग गयी. इस घटना में लाखों की संपत्ति जलकर राख हो गयी. वहीँ आग में झुलसने से एक बछड़े की मौत हो गयी......पढ़िए आगे
AURANGABAD : रफीगंज के वार्ड नंबर 14 स्थित ब्लॉक रोड के समीप आज एक आरा मशीन में अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटें इतनी भयावह थीं कि कुछ ही मिनटों में पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया। आसमान में उठते धुएं के गुबार और आग की विकराल स्थिति को देखकर आस-पास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया।
सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की दो गाड़ियां तत्काल युद्धस्तर पर राहत कार्य के लिए मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। इस दौरान स्थानीय युवाओं और नागरिकों ने भी अपनी जान जोखिम में डालकर आग बुझाने में प्रशासन का भरपूर सहयोग किया, जिससे आग को रिहायशी इलाकों में फैलने से रोक लिया गया।
आरा मशीन के संचालक आर्यन कुमार ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए बताया कि आग ने सब कुछ तबाह कर दिया है। कारखाने में तैयार रखे कीमती फर्नीचर, बेड, सोफा, पलंग और कुर्सियों के साथ-साथ बड़ी मात्रा में कच्ची लकड़ियां और मशीनरी जलकर राख हो गई हैं। संचालक के अनुसार, इस अग्निकांड में लगभग ₹4 लाख से अधिक की संपत्ति का भारी नुकसान हुआ है।
इस हादसे का सबसे दुखद पहलू एक बेजुवान जानवर की मौत रही। आग इतनी तेजी से फैली कि वहां बंधा एक गाय का बछड़ा बाहर नहीं निकाला जा सका और उसकी मौके पर ही झुलसकर मौत हो गई। पीड़ित व्यवसायी ने अपनी बदहाली का हवाला देते हुए जिला प्रशासन से इस भारी आर्थिक क्षति के लिए उचित मुआवजे की गुहार लगाई है ताकि वह अपना व्यवसाय पुनः खड़ा कर सके।
घटना के संबंध में सहायक अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी मुन्ना कुमार ने बताया कि विभाग को जैसे ही सूचना मिली, दमकल की गाड़ियों को रवाना कर दिया गया था। समय रहते की गई कार्रवाई से एक बड़े हादसे को टाल दिया गया। हालांकि, आग लगने के सटीक कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस और प्रशासन की टीम मामले की गहराई से जांच कर रही है।
दीनानाथ मौआर की रिपोर्ट