Aurangabad Snake: औरंगाबाद में खौफनाक खुलासा! घर बना सांपों का अड्डा, निकले 40+ जहरीले सांप
Aurangabad Snake: औरंगाबाद में एक घर से 40 से ज्यादा जहरीले सांप निकले। इस घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल है। इस बीच परिवार ने घर छोड़ दिया है।
Aurangabad Snake: बिहार के औरंगाबाद जिले से एक बेहद डराने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे गांव में दहशत फैला दी है। मदनपुर प्रखंड के चेई-नवादा पंचायत के बाबू गरडी गांव में एक घर से अचानक 40 से ज्यादा जहरीले सांप निकलने लगे। यह नजारा देखकर घरवालों के साथ-साथ आसपास के लोग भी घबरा गए और अपनी जान बचाने के लिए भागने लगे।
जानकारी के अनुसार, यह घटना रंजीत पासवान के घर की है। सोमवार शाम उनके पुराने पक्के घर में सबसे पहले एक सांप दिखा। परिवार के लोगों ने उसे लाठी से मार दिया, लेकिन इसके बाद जो हुआ, उसने सभी को हैरान कर दिया। कुछ ही देर में उसी घर से एक के बाद एक कई सांप निकलने लगे।
आधे घंटे के अंदर 40 से ज्यादा सांप बाहर
चश्मदीदों का कहना है कि करीब आधे घंटे के अंदर 40 से ज्यादा सांप बाहर आ गए। इतने सारे सांपों को देखकर पूरे गांव में हड़कंप मच गया। लोग डर के मारे चिल्लाने लगे और देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण वहां इकट्ठा हो गए। स्थिति को देखते हुए लोगों ने लाठी-डंडे उठाए और करीब 32 सांपों को मार दिया, लेकिन लगभग एक दर्जन सांप वहां से भागने में सफल रहे। इसी वजह से गांव में अभी भी डर का माहौल बना हुआ है।
घटना की सूचना वन विभाग को
घटना की सूचना वन विभाग को दी गई थी, लेकिन उनका कैंप गांव से करीब 10 से 12 किलोमीटर दूर होने के कारण टीम समय पर नहीं पहुंच सकी। ऐसे में ग्रामीणों ने खुद ही हालात को संभालने की कोशिश की। बाद में घर की पूरी तलाशी भी ली गई, लेकिन लोगों के मन में डर अभी भी बना हुआ है कि कहीं और सांप छिपे न हों।
परिवार अपना घर छोड़कर पड़ोसी के यहां रहने लगा
इस घटना के बाद रंजीत पासवान का परिवार अपना घर छोड़कर पड़ोसी के यहां रहने चला गया है। परिवार के लोग काफी डरे हुए हैं और किसी अनहोनी की आशंका जता रहे हैं। रंजीत पासवान ने बताया कि गांव में इस तरह की घटना पहले कभी नहीं हुई थी, इसलिए वे बहुत घबराए हुए हैं और फिलहाल अपने घर में रहने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे हैं।