NH पर उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई: कंटेनर से 3866 किलो डोडा अफीम बरामद, अंतरराष्ट्रीय बाजार में करोड़ों की कीमत

औरंगाबाद के अम्बा में उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 3866 किलो डोडा अफीम बरामद किया है। रांची के खूंटी से राजस्थान जा रही इस खेप की अंतरराष्ट्रीय कीमत 2.5 करोड़ है।

Aurangabad - औरंगाबाद जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत उत्पाद विभाग को आज एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। अम्बा थाना क्षेत्र के एरका चेक पोस्ट (NH 139) पर सघन वाहन जांच के दौरान एक कंटेनर ट्रक से भारी मात्रा में डोडा अफीम बरामद किया गया है। यह कार्रवाई मद्य निषेध पदाधिकारी सुमन कुमारी के नेतृत्व में की गई। अधिकारियों ने बताया कि एरका चेक पोस्ट पर 24 घंटे वाहनों की निगरानी की जाती है, जिसके परिणामस्वरूप इस अंतरराज्यीय तस्करी का भंडाफोड़ हुआ।

गुप्त सूचना पर घेराबंदी और बरामदगी 

उत्पाद विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि एक कंटेनर ट्रक (नंबर: HR 63 C 1805) में नशीले पदार्थों की बड़ी खेप ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर टीम ने जाल बिछाया और उक्त ट्रक को रुकवाकर तलाशी ली। ट्रक के भीतर बड़ी ही चालाकी से छुपाकर रखी गई 150 बोरियाँ बरामद हुईं। इन बोरियों को जब खोला गया तो उनमें डोडा अफीम भरा पाया गया। उत्पाद अधीक्षक मनोज कुमार राय के अनुसार, बरामद अफीम का कुल वजन 3866 किलो है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 2.5 करोड़ रुपये आंकी जा रही है।

राजस्थान का चालक गिरफ्तार

 कार्रवाई के दौरान टीम ने कंटेनर चालक को मौके से ही दबोच लिया। गिरफ्तार चालक की पहचान राजस्थान के नागौर निवासी मदन लाल के रूप में हुई है। पूछताछ में चालक ने खुलासा किया कि अफीम की यह खेप झारखंड के रांची स्थित खूंटी क्षेत्र से लोड की गई थी और इसे राजस्थान ले जाया जा रहा था। चालक से मिली जानकारी के आधार पर विभाग अब तस्करी के इस बड़े सिंडिकेट के नेटवर्क को खंगालने में जुट गया है।

अंतरराज्यीय तस्कर गिरोह की संलिप्तता 

उत्पाद अधीक्षक मनोज कुमार राय ने बताया कि इतनी बड़ी खेप की बरामदगी जिले की अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाइयों में से एक है। इस मामले में एक बड़े अंतरराज्यीय गिरोह के शामिल होने की पूरी आशंका है। विभाग ने कंटेनर को जब्त कर लिया है और संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पकड़े गए तस्करों के नेटवर्क का पर्दाफाश करने के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया है जो संभावित ठिकानों पर छापेमारी करेगी।

शराबबंदी के बाद नशीले पदार्थों पर कड़ी नजर 

बिहार में शराबबंदी कानून लागू होने के बाद से ही सीमावर्ती क्षेत्रों और मुख्य मार्गों पर निगरानी काफी सख्त कर दी गई है। एरका चेक पोस्ट पर इससे पहले भी कई बार भारी मात्रा में शराब, गांजा और अन्य नशीले पदार्थ पकड़े जा चुके हैं। उत्पाद विभाग के अधिकारियों ने साफ कर दिया है कि मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी सूरत में तस्करों को बख्शा नहीं जाएगा।

रिपोर्ट - दीनानाथ मौआर