Aurangabad Crime News:सीएसपी संचालक को दिनदहाड़े मारी गोली,3 लाख रुपये और लैपटॉप लूटा
बिहार के औरंगाबाद में फेसर थाना क्षेत्र में बेखौफ अपराधियों ने बैंक ऑफ बड़ौदा के सीएसपी संचालक प्रदीप कुमार को गोली मारकर ₹3 लाख नकद और लैपटॉप लूट लिया। गंभीर हालत में पीड़ित को मगध मेडिकल कॉलेज, गया रेफर किया गया है। पुलिस जांच में जुटी।
बिहार के औरंगाबाद में बेखौफ अपराधियों ने दिनदहाड़े लूटपाट की एक बड़ी घटना को अंजाम दिया है। फेसर थाना क्षेत्र के बद्री बिगहा और पिरौटा गांव के बीच बाइक सवार अपराधियों ने बैंक ऑफ बड़ौदा के सीएसपी (कस्टमर सर्विस प्वाइंट) संचालक को निशाना बनाया। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी और दहशत का माहौल है।
पिरौटा निवासी सीएसपी संचालक प्रदीप कुमार बने शिकार
पीड़ित की पहचान पिरौटा गांव निवासी 32 वर्षीय प्रदीप कुमार के रूप में हुई है, जो कुरहमा गांव में सीएसपी का संचालन करते हैं। गुरुवार सुबह प्रदीप कुमार अपने घर से दुकान खोलने के लिए निकले थे। रास्ते में घात लगाए बाइक सवार अपराधियों ने उन्हें ओवरटेक कर जबरन रोक लिया और हथियार के बल पर लूटपाट शुरू कर दी।
विरोध करने पर मारी गोली, 3 लाख रुपये और लैपटॉप लूटा
जब सीएसपी संचालक ने लूटपाट का विरोध किया, तो अपराधियों ने उन्हें जांघ में गोली मार दी। इसके बाद बेखौफ बदमाश करीब तीन लाख रुपये नकद, लैपटॉप और अन्य सामान छीनकर मौके से फरार हो गए। घायल प्रदीप कुमार को तुरंत सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मगध मेडिकल कॉलेज, गया रेफर कर दिया गया।
पुलिस जांच में जुटी, अपराधियों की तलाश जारी
घटना की सूचना मिलते ही फेसर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी। पुलिस आसपास के इलाकों में नाकेबंदी कर बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। हालांकि, दिनदहाड़े हुई इस घटना ने स्थानीय व्यवसायियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।