औरंगाबाद डीएम ने किया ऐतिहासिक धार्मिक स्थल उमंगेश्वरी तालाब का निरीक्षण, दिया बड़ा निर्देश

Aurangabad DM - फोटो : news4nation

Bihar News :  औरंगाबाद जिला पदाधिकारी अभिलाष शर्मा के द्वारा शुक्रवार मदनपुर स्थित मां उमेश्वरी तालाब का निरीक्षण किया गया । निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने उमंगेश्वरी तालाब की वर्तमान भौतिक स्थिति, जल क्षेत्र का विस्तार, तालाब तक पहुंचने के लिए उपलब्ध संपर्क पथ, प्राकृतिक सौंदर्य तथा आसपास विद्यमान आधारभूत संरचनाओं का विस्तृत अवलोकन किया और तालाब के सौंदर्यीकरण, स्वच्छता व्यवस्था, पर्यटक सुविधाओं के विकास एवं पर्यावरण संरक्षण से संबंधित पहलुओं पर भी विचार-विमर्श किया गया।


जिला पदाधिकारी द्वारा जिला योजना पदाधिकारी को निर्देशित किया गया कि संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए तालाब को एक सुव्यवस्थित, आकर्षक एवं पर्यावरण-अनुकूल पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने हेतु एक समग्र, व्यावहारिक एवं चरणबद्ध कार्ययोजना यथाशीघ्र तैयार की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि प्रस्तावित योजना में स्थानीय लोगों की सहभागिता, रोजगार सृजन की संभावनाओं तथा क्षेत्रीय आर्थिक विकास को विशेष रूप से शामिल किया जाए।


जिला पदाधिकारी ने विशेष रूप से निर्देश दिया कि उमंगेश्वरी तालाब क्षेत्र को इको-टूरिज्म एवं इको-स्पोर्ट्स हब के रूप में विकसित किया जाए, ताकि प्राकृतिक वातावरण को संरक्षित रखते हुए यहां पर्यटकों एवं युवाओं के लिए आकर्षक गतिविधियों का विकास किया जा सके। इसके अंतर्गत नौकायन, प्रकृति भ्रमण, ओपन स्पेस गतिविधियां तथा पर्यावरण-अनुकूल पर्यटन सुविधाओं के विकास की संभावनाओं पर भी विचार करने का निर्देश दिया गया।


उन्होंने कहा  कि ऐसे जलस्रोतों का संरक्षण एवं विकास न केवल पर्यटन को बढ़ावा देने में सहायक होगा, बल्कि इससे पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास को भी गति मिलेगी।

 दीनानाथ मौआर का रिपोर्ट