औरंगाबाद में जमीनी विवाद: युवती और बुजुर्ग से मारपीट का वीडियो वायरल, मुफस्सिल थाने में FIR

बिहार के औरंगाबाद से संवेदनहीनता का मामला! जमीनी विवाद में मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की, 2 हिरासत में।

औरंगाबाद में जमीनी विवाद युवती से मारपीट- फोटो : Reporter

बिहार के औरंगाबाद जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां जमीनी विवाद में दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें महिला, पुरुष और युवतियां आपस में भिड़ती नजर आ रही हैं। पड़ताल करने पर पता चला कि यह घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के इगुना गांव की है।


गांव के लोग बने रहे तमाशबीन, समाज की दिखी संवेदनहीनता

वायरल हो रहे वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक युवती दूसरी युवती पर लाठी, छड़ी और हाथों से थप्पड़ बरसा रही है। वहीं एक बुजुर्ग के साथ भी मारपीट की जा रही है। दुखद बात यह रही कि गांव के दर्जनों लोग मौके पर मौजूद होने के बावजूद बीच-बचाव करने के बजाय तमाशबीन बने रहे और मारपीट का वीडियो बनाते रहे, जो समाज की संवेदनहीनता को दर्शाता है।


दरवाजे पर झाड़ू लगाने के दौरान हुआ हमला

घटना के संबंध में पीड़िता आरती कुमारी ने मुफस्सिल थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। दर्ज आवेदन के अनुसार, 12 सितंबर की सुबह जब आरती अपने घर के दरवाजे पर झाड़ू लगा रही थी, तभी पड़ोस की सोनी कुमारी, उषा देवी और उर्मिला देवी समेत अन्य लोगों ने लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से उन पर हमला कर दिया। इस हमले में आरती और उनके परिवार के एक बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए।


साल 2018 से चल रहा है गोतिया से जमीनी विवाद

पीड़ित परिवार के अनुसार, अपने ही गोतिया के साथ वर्ष 2018 से भूमि विवाद चल रहा है और यह मामला वर्तमान में न्यायालय में विचाराधीन है। आरोप है कि कोर्ट में मामला होने के बावजूद विपक्षी पक्ष जबरन जमीन पर कब्जा करने की कोशिश कर रहा है। पीड़ित परिवार ने जिला प्रशासन से लेकर आईजी और मुख्यमंत्री तक ई-मेल के जरिए गुहार लगाई है, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका है।


पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी, दो हिरासत में

पीड़ित परिवार का आरोप है कि दबंग किस्म के आरोपी लगातार उन्हें घर और गांव छोड़ने की धमकियां दे रहे हैं। इधर मामला संज्ञान में आने और थाने में लिखित आवेदन मिलने के बाद मुफस्सिल थाना पुलिस एक्शन मोड में आ गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और घटना में शामिल दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

औरंगाबाद से दीनानाथ की रिपोर्ट