Bihar News : NH-139 को फोरलेन बनाने के लिए एकजुट हुआ औरंगाबाद, सभी दलों के नेताओं ने सरकार के खिलाफ खोला मोर्चा

Bihar News : औरंगाबाद में NH-139 फोरलेन संघर्ष समिति के बैनर तले एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन कर लोगों ने केंद्र और राज्य सरकार से NH-139 को फोरलेन बनाने की मांग की.....पढ़िए आगे

फोरलेन के लिए धरना - फोटो : DINANATH

AURANGABAD : राजनीति और विचारधारा की सीमाओं को किनारे रखकर आज औरंगाबाद के सभी राजनीतिक दल और सामाजिक संगठन एक साझा मंच पर नजर आए। 'NH-139 फोरलेन संघर्ष समिति' के बैनर तले अनुग्रह उच्च विद्यालय के सामने एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन का आयोजन किया गया। इस प्रदर्शन के माध्यम से प्रदर्शनकारियों ने एकजुट होकर केंद्र और राज्य सरकार से NH-139 को अविलंब फोरलेन में तब्दील करने की पुरजोर मांग की।

प्रदर्शनकारियों ने गहरा आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि औरंगाबाद से पटना को जोड़ने वाला NH-139 अब 'मौत की सड़क' बन चुका है। इस मार्ग पर शायद ही कोई ऐसा दिन बीतता हो जब कोई दर्दनाक हादसा न हो। आंकड़ों का हवाला देते हुए वक्ताओं ने कहा कि हर साल इस सड़क पर होने वाली दुर्घटनाओं में 200 से 300 लोग अपनी जान गंवा देते हैं, जबकि सैकड़ों लोग अपाहिज होकर जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं।

सवर्ण एकता मंच के प्रवक्ता सौरभ कुमार सिंह ने सरकारों की उदासीनता पर सवाल उठाते हुए कहा कि वर्ष 2025 में केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने इस हाईवे के लिए 500 करोड़ रुपये से अधिक की राशि की घोषणा की थी, लेकिन वह घोषणा आज तक सिर्फ कागजों तक ही सीमित है। उन्होंने बताया कि झारखंड में डाल्टनगंज से हरिहरगंज तक का हिस्सा फोरलेन बन चुका है, जबकि औरंगाबाद से पटना तक की सड़क आज भी बदहाल है। एनएचएआई (NHAI) के मानकों के अनुसार जहाँ 12 हजार वाहनों पर ही फोरलेन बनना चाहिए, वहीं इस मार्ग पर रोजाना 40 हजार से अधिक गाड़ियां चलती हैं।

आंदोलनकारियों ने साफ शब्दों में कहा कि उन्हें सिर्फ बाईपास नहीं, बल्कि हरिहरगंज से पटना तक पूरी सड़क का फोरलेन निर्माण चाहिए। इस मांग को लेकर नेताओं ने सरकार को कड़ा अल्टीमेटम दिया है। भाजपा के पूर्व प्रवक्ता रामानुज पांडे ने चेतावनी दी कि अगर जनता की इस जायज मांग को जल्द पूरा नहीं किया गया, तो इस आंदोलन की गूंज सड़क से लेकर विधानसभा और संसद तक सुनाई देगी।

वहीं, राजद प्रवक्ता सुबोध कुमार सिंह ने केंद्र और राज्य सरकार पर 'गूंगी-बहरी' होने का आरोप लगाते हुए कहा कि अब औरंगाबाद की जनता चुप बैठने वाली नहीं है। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर बिहार विधानसभा का घेराव किया जाएगा और दिल्ली के जंतर-मंतर पर भी उग्र आंदोलन किया जाएगा। इस महाधरना में दलीय दीवारों को तोड़कर शामिल हुए सभी नेताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों ने एक सुर में नारा लगाया— "NH-139 फोरलेन बनाओ, औरंगाबाद की जान बचाओ।"

दीनानाथ मौआर की रिपोर्ट