Bihar Road Accident :औरंगाबाद में अनियंत्रित होकर पलटी पर्यटकों से भरी बस, 13 यात्री हुए जख्मी, चालक को झपकी आने से हुआ हादसा

Bihar Road Accident : औरंगाबाद में पर्यटकों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दुर्घटना में 13 लोग घायल हो गए। गनीमत रही कि कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई.......पढ़िए आगे

पर्यटकों से भरी बस ने मारी पलटी - फोटो : DINANATH

AURANGABAD : बिहार के औरंगाबाद जिले अंतर्गत बारुण थाना क्षेत्र स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग-19 (NH-19) पर सीरीस गांव के समीप आज तड़के एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। कोलकाता से पर्यटकों को लेकर आगरा जा रही एक तेज रफ्तार अनियंत्रित बस सड़क किनारे पलट गई। इस भीषण दुर्घटना में बस में सवार कुल 13 पर्यटक घायल हो गए। हालांकि, गनीमत यह रही कि इस हादसे में कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई और सभी यात्रियों की जान बच गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बस में सवार सभी श्रद्धालु व पर्यटक पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा जिले के सोनामुखी क्षेत्र के रहने वाले हैं। वे सभी कोलकाता से आगरा भ्रमण पर जा रहे थे। यात्रा के दौरान जब बस एनएच-19 पर सीरीस के पास पहुंची, तभी चालक को अचानक नींद की झपकी आ गई। चालक के नियंत्रण खोते ही बस अनियंत्रित होकर सड़क पर ही पलट गई। दुर्घटना के बाद चीख-पुकार और तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मदद के लिए दौड़े और स्थानीय पुलिस को सूचित किया।

घटना की जानकारी मिलते ही बारुण थाना अध्यक्ष रंजीत कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल और डायल-112 की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए बस में फंसे सभी घायलों को बाहर निकाला। इसके बाद एंबुलेंस व पुलिस वाहनों की मदद से सभी 13 घायलों को तुरंत इलाज के लिए सदर अस्पताल औरंगाबाद में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की टीम द्वारा उनका उपचार किया जा रहा है।

सड़क दुर्घटना में घायल हुए लोगों में रीता सूतोधर (50), दिलीप बुंडू (60), हीरा बुंडू (58), शेफाली भुई (60), झाना बाबरी (60), नेमाई शिष्ट (68), रौतन मंडल (60), सोनामुखी (55), मालवती घोष (50), महाबली उरांव (60), चांद सूतोधर (50), मुराली कारक (62) और बस खलासी शेख अशरफ (45) शामिल हैं। अस्पताल प्रशासन और पुलिस के अनुसार सभी घायलों की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर और स्थिर बताई जा रही है।

बारुण थाना अध्यक्ष रंजीत कुमार ने बताया कि प्राथमिक जांच के आधार पर ड्राइवर को नींद की झपकी आना ही दुर्घटना का मुख्य कारण सामने आया है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस को कब्जे में ले लिया है। पुलिस प्रशासन द्वारा घटना की सूचना पश्चिम बंगाल में रह रहे घायलों के परिजनों को दे दी गई है, जो औरंगाबाद के लिए रवाना हो चुके हैं। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद सुरक्षित स्थान पर ठहराने की व्यवस्था की जा रही है।

दीनानाथ मौआर की रिपोर्ट