Bihar News: कदाचार पर शिकंजा कसने पर प्रशस्ति पत्र, सिपाही भर्ती परीक्षा में क्लीन स्वीप के लिए DM अभिलाषा शर्मा को CSBC अध्यक्ष का सलाम, कहा- प्रशासनिक दक्षता का बेहतरीन नमूना

Bihar News:बिहार में सिपाही भर्ती परीक्षा को बिना किसी गड़बड़ी, फर्जीवाड़े और नकल माफियाओं के साए से दूर रखने में औरंगाबाद जिला प्रशासन की मुस्तैदी रंग लाई है।

कदाचार पर शिकंजा कसने पर डीएम को प्रशस्ति पत्र- फोटो : reporter

Bihar News:बिहार में सिपाही भर्ती परीक्षा को बिना किसी गड़बड़ी, फर्जीवाड़े और नकल माफियाओं के साए से दूर रखने में औरंगाबाद जिला प्रशासन की मुस्तैदी रंग लाई है। कड़े सुरक्षा इंतजाम, पैनी निगरानी और सटीक प्रशासनिक रणनीति के दम पर पूरी परीक्षा प्रक्रिया शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त संपन्न होने पर केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) (CSBC) के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ IPS अधिकारी जितेंद्र कुमार ने औरंगाबाद की जिलाधिकारी सह परीक्षा समन्वयक अभिलाषा शर्मा को प्रशस्ति पत्र भेजकर उनकी खुलकर सराहना की है।

14 जून से 28 जून 2026 तक आयोजित सिपाही भर्ती की विभिन्न लिखित परीक्षाओं के दौरान जिले में नकल माफियाओं, फर्जी अभ्यर्थियों और किसी भी तरह की अवैध गतिविधियों पर पूरी तरह नकेल कसी गई। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा, निगरानी और प्रशासनिक व्यवस्था इतनी मजबूत रही कि पूरी प्रक्रिया बिना किसी विवाद और व्यवधान के सफलतापूर्वक पूरी हुई।

अपने प्रशस्ति पत्र में CSBC अध्यक्ष जितेंद्र कुमार ने लिखा कि आज के दौर में बड़े पैमाने पर भर्ती परीक्षाओं को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से आयोजित करना राष्ट्रीय स्तर की बड़ी चुनौती बन चुका है। ऐसे समय में औरंगाबाद में परीक्षा का कदाचारमुक्त संचालन DM अभिलाषा शर्मा की प्रशासनिक दक्षता, दूरदर्शी नेतृत्व, सूक्ष्म योजना और प्रभावी मॉनिटरिंग का उत्कृष्ट उदाहरण है।

उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि परीक्षा अवधि के दौरान प्रशासनिक, सुरक्षा और लॉजिस्टिक व्यवस्था बेहद उच्च स्तर की रही। हर स्तर पर विभागों के बीच बेहतर तालमेल, समयबद्ध कार्ययोजना और अधिकारियों की सक्रियता ने पूरे अभियान को सफल बनाया। यही वजह रही कि किसी भी तरह की अव्यवस्था, फर्जीवाड़ा या कानून-व्यवस्था की समस्या सामने नहीं आई।

CSBC अध्यक्ष ने जिलाधिकारी से आग्रह किया कि परीक्षा संचालन में योगदान देने वाले सभी प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों, दंडाधिकारियों और कर्मियों तक उनकी ओर से बधाई और शुभकामनाएं अवश्य पहुंचाई जाएं। वहीं, जिला प्रशासन ने इस सम्मान को पूरी टीम की मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम बताया है। प्रशासन का कहना है कि भविष्य में भी पारदर्शिता, निष्पक्षता और कानून के दायरे में रहकर हर जिम्मेदारी का निर्वहन इसी प्रतिबद्धता के साथ किया जाएगा, ताकि भर्ती प्रक्रिया पर अभ्यर्थियों का भरोसा और मजबूत हो सके।

रिपोर्ट- दीनानाथ मौआर